Showing posts with label YOG. Show all posts
Showing posts with label YOG. Show all posts

Saturday, 5 March 2022

योग में सीमा और सावधानियों में क्या अंतर है?

योग हमारे जीवन से जुड़े भौतिक, मानसिक और आध्यात्मिक जीवन का विकास करता है, 
योग का अर्थ जुड़ना होता। योग - आसन, प्राणायाम, मुद्रा और ध्यान के माध्यम से प्राप्त होती है। 
योग किसी भी बीमारी में इलाज का एक सफल विकल्प भी है।

योग में सीमा और सावधानियां - 
योग करने की कोई सीमा नहीं है, बशर्ते किसी योग गुरु के निगरानी में किया जाए।

योग मुख्यतः चार प्रकार हैं।
1) राजयोग - इस योग का सबसे महत्वपूर्ण अंग है ध्यान। योगसूत्र में पतंजलि ने इसके आठ अंग बताएं हैं - 
 यम, नियम, आसान, प्राणायाम, प्रत्याहार, धारणा, ध्यान और समाधि।

2) कर्मयोग - दैनिक जीवन में किया गया कोई भी कार्य कर्मयोग की श्रेणी में आता है, हम वर्तमान में अच्छा कर्म करके भविष्य को अच्छा बना सकते है। अपने द्वारा निःस्वार्थ भाव से किया गया कोई भी काम कर्मयोग के अंतर्गत आता है। 

3) भक्तियोग - सभी में और हर काम में ईश्वर की प्रेरणा मानना ही भक्ति योग है।

4) ज्ञानयोग - ज्ञानयोग बुद्धि का योग है, ज्ञान योग सबसे कठिन माना जाता है, इसमे बहुत अध्ययन करना होता है।

Thursday, 27 June 2019

योग और योगासन

योग क्या है:- 

योग हमारे जीवन से जुड़े भौतिक, मानसिक, भावनात्मक, आत्मिक और आध्यात्मिक, आदि सभी पहलुओं पर काम करता है। योग का अर्थ एकता या बांधना है। इस शब्द की जड़ है संस्कृत शब्द युज, जिसका मतलब है जुड़ना। आध्यात्मिक स्तर पर इस जुड़ने का अर्थ है सार्वभौमिक चेतना के साथ व्यक्तिगत चेतना का एक होना। व्यावहारिक स्तर पर, योग शरीर, मन और भावनाओं को संतुलित करने और तालमेल बनाने का एक साधन है। 
    योग आसन,  प्राणायाम, मुद्रा, बँध, षट्कर्म और ध्यान के अभ्यास के माध्यम से प्राप्त होती है। योग जीने का एक तरीका भी है और अपने आप में परम उद्देश्य भी।

योग के लाभ:-

शारीरिक और मानसिक उपचार योग के सबसे अधिक ज्ञात लाभों में से एक है।
योग अस्थमा, मधुमेह, रक्तचाप, गठिया, पाचन विकार और अन्य बीमारियों में चिकित्सा के एक सफल विकल्प है। 
       चिकित्सा वैज्ञानिकों के अनुसार, योग चिकित्सा तंत्रिका और अंतःस्रावी तंत्र में बनाए गए संतुलन के कारण सफल होती है जो शरीर के अन्य सभी प्रणालियों और अंगों को सीधे प्रभावित करती है। 
अधिकांश लोगों के लिए, हालांकि, योग केवल तनावपूर्ण समाज में स्वास्थ्य बनाए रखने का मुख्य साधन हैं। इनके अलावा योग के कई आध्यात्मिक लाभ भी हैं। इनका विवरण करना आसान नहीं है, क्योंकि यह आपको स्वयं योग अभ्यास करके हासिल और फिर महसूस करने पड़ेंगे।

योग के नियम:-

अगर आप यह कुछ सरल नियमों का पालन करेंगे, तो अवश्य योग अभ्यास का पूरा लाभ पाएँगे:

  • 1) सूर्योदय या सूर्यास्त के वक़्त योग का सही समय है।

  • 2) योग खाली पेट करें। योग करने से 2 घंटे पहले कुछ ना खायें।

  • 3) आरामदायक कपड़े पहनें।
4) शांत वातावरण और सॉफ जगह में योग अभ्यास करें।
  • 5) योग अभ्यास धैर्य और दृढ़ता से करें।
6) अपने शरीर के साथ ज़बरदस्ती बिल्कुल ना करें।
  • 7) योग करने के 30 मिनिट बाद तक कुछ ना खायें। 1 घंटे तक न नहायें।
8) प्राणायाम हमेशा आसन अभ्यास करने के बाद करें।
  • 9) योगाभ्यास के अंत में हमेशा शवासन करें।

योग के प्रकार:- 

योग के 4 प्रमुख प्रकार हैं:- 

1) राज योग: 
  • राज का अर्थ शाही है और योग की इस शाखा का सबसे अधिक महत्वपूर्ण अंग है ध्यान। इस योग के आठ अंग है, जिस कारण से पतंजलि ने इसका नाम रखा था अष्टांग योग। इसे योग सूत्र में पतंजलि ने उल्लिखित किया है। यह 8 अंग इस प्रकार है: 
  • 1) यम (शपथ लेना), 
  • 2) नियम (आचरण का नियम या आत्म-अनुशासन),
  • 3) आसन,
  • 4) प्राणायाम (श्वास नियंत्रण),
  • 5) प्रत्याहार (इंद्रियों का नियंत्रण),
  • 6) धारण (एकाग्रता),
  • 7) ध्यान (मेडिटेशन),
  • 8)  समाधि (परमानंद या अंतिम मुक्ति)
  •   राज योग आत्मविवेक और ध्यान करने के लिए तैयार व्यक्तियों को आकर्षित करता है। आसन राज योग का सबसे प्रसिद्ध अंग है, यहाँ तक कि अधिकतर लोगों के लिए योग का अर्थ ही है आसन। 

  • कर्म योग: 
     कर्म योग का सिद्धांत यह है कि जो आज हम अनुभव करते हैं वह हमारे कार्यों द्वारा अतीत में बनाया गया है। इस बारे में जागरूक होने से हम वर्तमान को अच्छा भविष्य बनाने का एक रास्ता बना सकते हैं,  जब भी हम अपना काम करते हैं और अपना जीवन निस्वार्थ रूप में जीते हैं और दूसरों की सेवा करते हैं, हम कर्म योग करते हैं। 
     
  • भक्ति योग:
    भक्ति योग भक्ति के मार्ग का वर्णन करता है। सभी के लिए सृष्टि में परमात्मा को देखकर, भक्ति योग भावनाओं को नियंत्रित करने का एक सकारात्मक तरीका है। भक्ति का मार्ग हमें सभी के लिए स्वीकार्यता और सहिष्णुता पैदा करने का अवसर प्रदान करता है। 
     
  • ज्ञान योग:
    अगर हम भक्ति को मन का योग मानते हैं, तो ज्ञान योग बुद्धि का योग है, ऋषि या विद्वान का मार्ग है। इस पथ पर चलने के लिए योग के ग्रंथों और ग्रंथों के अध्ययन के माध्यम से बुद्धि के विकास की आवश्यकता होती है। ज्ञान योग को सबसे कठिन माना जाता है और साथ ही साथ सबसे प्रत्यक्ष। इसमें गंभीर अध्ययन करना होता है और उन लोगों को आकर्षित करता है जो बौद्धिक रूप से इच्छुक हैं।

From www.myupchar.com

Tuesday, 4 June 2019

सांस लेने का सही तरीका


अगर आप सही सांस लेते हैं तो आपका "प्राणमय कोष" स्वस्थ, अखंड और प्राणवान रहता है।


इस तरह का व्यक्ति कभी नहीं थकता। इस तरह का व्यक्ति हमेशा कुछ भी करने के लिए उपलब्ध है। इस तरह का व्यक्ति हमेशा उत्तरदायी, हमेशा क्षण को प्रतिसंवेदित करने के लिए, चुनौती लेने के लिए तैयार है। वह हमेशा तैयार है, आप उसे किसी भी पल के लिए अप्रस्तुत नहीं पाएंगे। ऐसा नहीं है कि वह भविष्य के लिए योजना बनाता है, लेकिन उसके पास इतनी ऊर्जा है कि जो भी होता है उसका प्रतिसंवेदन करने के लिए वह तैयार है। उसके पास "छलकती हुई ऊर्जा" है।


प्राकृतिक सांस लेने को समझना जरूरी है। देखो छोटे बच्चों को, वे स्वाभाविक रूप से सांस लेते हैं। यही कारण है कि छोटे बच्चे ऊर्जा से भरे हुए होते हैं। माता-पिता थक गए हैं, लेकिन वे थके नहीं हैं।


कहां से ऊर्जा आती है? यह प्राणमय कोष से आती है। बच्चा स्वाभाविक रूप से सांस लेता है, और निश्चित रूप से अधिक प्राण और अधिक "ची- ऊर्जा" सांस के द्वारा लेता है, और यह उसके पेट में जमा होती है। पेट इकट्ठा करने की जगह है, भंडार है। बच्चे को देखो, वह सांस लेने का सही तरीका है। जब एक बच्चा सांस लेता है, उसकी छाती पूरी तरह से अप्रभावित होती है। उसका पेट ऊपर और नीचे होता है। मानो वह पेट से सांस ले रहा है। सभी बच्चों का पेट निकला होता है, वह उनके पेट से सांस लेने की वजह से है और वह ऊर्जा का भंडार है।


यह सांस लेने का सही तरीका है, ध्यान रहे, अपनी छाती का बहुत ज्यादा उपयोग नहीं करना है। कभी-कभी यह आपातकालीन समय में किया जा सकता है। आप अपने जीवन को बचाने के लिए दौड़ रहे हैं, तब छाती का उपयोग किया जा सकता है। यह एक आपातकालीन उपाय है। तो आप उथले, तेजी से सांस लेने का उपयोग कर सकते हैं और दौड़ सकते हैं। लेकिन आमतौर पर छाती का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। और एक बात याद रखनी जरूरी है कि छाती आपात स्थितियों के लिए ही होती है क्योंकि आपात स्थिति में स्वाभाविक रूप से सांस लेना मुश्किल है; क्योंकि अगर आप स्वाभाविक रूप से सांस लेते हैं तो आप इतने शांत और मौन होते हो कि आप दौड़ नहीं सकते, आप लड़ नहीं सकते। आप इतने शांत और केंद्रित होते हैं--एकदम बुद्ध जैसे। और एक आपात स्थिति में--जैसे घर में आग लगी है--यदि आप स्वाभाविक रूप से सांस लेंगे तो आप कुछ भी बचा नहीं पाएंगे। या जंगल में एक बाघ आप पर कूदता है और आप स्वाभाविक रूप से सांस लेते रहें तो आप फिक्र ही नहीं करेंगे। आप कहेंगे, 'ठीक है, उसे करने दो जो भी वह चाहता है।' आप अपने खुद को बचाने के लिए सक्षम नहीं होंगे।

तो प्रकृति ने एक आपातकालीन उपकरण दिया है, छाती एक आपातकालीन उपाय है। जब आप पर एक बाघ हमला करता है, तो आपको प्राकृतिक सांस छोड़ देनी होती है और आप को छाती से सांस लेनी होती है। तब दौड़ने के लिए , लड़ने के लिए, ऊर्जा को तेजी से जलाने के लिए आपके पास अधिक क्षमता होगी। और आपात स्थिति में केवल दो ही विकल्प होते हैं: भाग जाना या लड़ाई करना। दोनों के लिए बहुत उथली लेकिन तीव्र ऊर्जा की जरूरत है, उथली लेकिन एक बहुत परेशान, तनावग्रस्त स्थिति।


अगर आप लगातार सीने से सांस लेते हैं तो, आपके मन में तनाव होगा। अगर आप लगातार सीने से सांस लेते हैं, आप हमेशा भयभीत होंगे क्योंकि सीने से सांस लेना खतरनाक परिस्थितियों के लिए ही होता है। और यदि आपने इसे एक आदत बनाया है तो आप लगातार भयभीत, तनावग्रस्त, हमेशा भागने की तैयारी में होंगे। वहां दुश्मन नहीं है, लेकिन आप दुश्मनों की कल्पना करेंगे। इसी तरह " पैरानोया, व्यामोह" निर्मित होता है।


'एक बच्चे को देखें और वही प्राकृतिक सांस है, और उसी तरह सांस लें । जब आप सांस लें तब पेट ऊपर आए और जब आप सांस छोड़े तब पेट नीचे जाए। और यह एक ऐसी लय हो कि यह आपकी ऊर्जा में लगभग एक गीत बन जाता है, एक नृत्य ताल के साथ, सामंजस्य के साथ--और आप इतने निश्चिंत महसूस करेंगे, इतने जीवंत, जीवन-शक्ति से ओतप्रोत कि आप कल्पना नहीं  कर सकते कि ऐसी जीवन-शक्ति हो सकती है।'


 योगा: दि पाथ ऑफ लिबरेशन

Wednesday, 12 September 2018

कर ले तू प्राणायाम

कर ले तू प्राणायाम...

कर ले तू प्राणायाम, सब रोग दूर हो जाएगा ।
रोना नही होगा, जीवन खुशियों से भर जाएगा ।।

जीवन तुम्हारा दुर्भर है आज, कल तू ही इतराएगा।
आज तुझे विश्वास नहीं, कल दुनिया को बतलाएगा ।।
करले तू प्राणायाम……


पांच मिनट भास्त्रिका करले, रक्त शुद्ध हो जायेगा ।
सर्दी जुकाम एलर्जी दूर, मन स्थिर हो जायेगा।।

पन्द्रह मिनट कपालभाती कर, मुखमंडल तेज हो जायेगा ।
गैस कब्ज, मधुमेह सहित, मोटापा दूर हो जाएगा ।
कर ले तू प्राणायाम …..

पांच बार बाह्य प्राणायाम कर, चंचलता दूर हो जायेगा ।
उदर रोग सब दूर होकर , जठराग्नि प्रदीप्त हो जायेगा ।।

दस मिनट अनुलोम-विलोम कर, सिरदर्द ठीक हो जायेगा ।
नकारात्मक चिन्तन से दूर, आनंद, उत्साह बढ़ जायेगा ।।
कर ले तू प्राणायाम……


ग्यारह बार भ्रामरी कर , सब तनाव दूर हो जायेगा ।
रक्तचाप हृदय रोग सहित, उत्तेजना मिट जाएगा ।।

इक्कीस बार ओंकार जनकर, अनिद्रा रोग ठीक हो जायेगा ।
बुरे स्वप्नों से छुटकारा पाकर, ध्यान तेरा लग जायेगा ।।
कर ले तू प्राणायाम……

तीन बार नाड़ी शोधन कर, रक्त संचार ठीक हो जायेगा ।
बहरापन, लकवारोग मिटे, ऑक्सीजन बढ़ जायेगा ।।

पांच बार उज्जायी कर, गला मधुर हो जायेगा।
सर्दी जुकाम सहित, हकलाना, ठीक हो जायेगा ।।
कर ले तू प्राणायाम……



ग्यारह बार शीतकारी कर , पायरिया दूर हो जाएगा ।
दंत रेाग दूर होकर, शीतल शरीर हो जायेगा ।।

ग्यारह बार शीतली कर, भूख प्यास मिट जायेगा ।
मुंह गले के रोग सहित, पित्त रेाग मिट जायेगा ।।
कर ले तू प्राणायाम……

तीन बार सिंहासन कर ले, दर्द गले का ठीक हो जायेगा ।
अंत में हृस्यासन कर ले, हंसते जीवन बीत जायेगा।।

कर ले तू प्राणायाम, सब रोग दूर हो जाएगा ।
रोना नही होगा, जीवन खुशियों से भर जाएगा ।।

ॐ शांति ॐ

Tuesday, 4 September 2018

शीतकारी प्राणायाम/ Sheetkari Pranayam


योग करना शरीर के लिए बेहद फायदेमंद है| योग बहुत ही विस्तारित है| योग के आठ अंग होते है उन्ही में से चौथा अंग है प्राणायाम। प्राणायाम को दो शब्दों से मिलकर बनाया गया है  प्राण+आयाम। प्राण का अर्थ जीवात्मा वही आयाम के दो अर्थ है- प्रथम नियंत्रण और दूसरा रोकना


प्राणायाम कई तरह के होते है| उन्ही में एक है शीतकारी प्राणायाम| यह एक बेहद ही सरल प्राणायाम है। यह हमारे शरीर को शीतलता प्रदान करता है| यह शरीर की भीतरी सफाई कर इसे शुद्ध बनता हैं|


शीतकारी प्राणायाम करने की विधि :- 

 

शीतकारी प्राणायाम को करने के लिए सबसे पहले सिद्धासन की मुद्रा में बैठ जाये इसके पश्चात नीचे के दांतों को ऊपर के जबड़े के दांतों पर रख दे| अब दांतों के पीछे जीभ को लगाये और अपने मुंह को थोडा सा खोले ताकि सांसों को मुख के अन्दर लाया जा सके| अब धीरे से मुंह से साँस को अंदर की और रोक कर रखे फिर बाद में नाक से निकाल दें|

 

शीतकारी प्राणायाम के लाभ:-

 

·       शीतकारी प्राणायाम करने से शरीर में स्थित अतिरिक्त गर्मी दूर हो जाती है और पेट में जलन नहीं होती है|

·       यह शरीर की भीतरी सफाई कर इसे शुद्ध बनाने में मददगार है| इसलिए जिन लोगो को अधिक पसीना आने की परेशानी हो वो दूर होती है|

·       इस प्राणायाम के नियमित अभ्यास से शरीर में शुद्ध वायु का संचार होता हैं| इससे शरीर में ऑक्सीजन की कमी नहीं होती हैं जिससे पुरे दिन शरीर में स्फूर्ति बनी रहती है।

·       यह प्राणायाम आपके चेहरे की सुंदरता को बढ़ाता है। इससे चेहरे की सौंदर्य वृद्धि होती है|

·       इसके निरंतर अभ्यास से रात में नींद अच्छी आती हैं| शारीरिक तेज में वृद्धि होती है। भूख-प्यास ना लगने की समस्या दूर होती है| इससे शरीर सतत स्फूर्तिवान बना रहता है।

·       यह रक्त को शुद्ध करता है। इसको करने से कई तरह के रोग जैसे दंत रोग, पायरिया, गले और मुंह के रोग, नाक और जीभ के रोगो से निजात मिलती है|

 

शीतकारी प्राणायाम करने में सावधानी :-

 

इस प्रणायाम को हमेशा खाली पेट ही करना चाहिए । मुह में कफ व टॉन्सिल के रोगियों को यह प्राणायाम बिलकुल नहीं करना चाहिए । सर्दियों के मौसम में इसका अभ्यास नहीं करना चाहिए । खुली साफ जगह पर ही इसका अभ्यास करें धूल वाले स्थान से बचें।

 


Wednesday, 29 August 2018

विश्वास करो


       विश्वास करो कि तुम जगत में महान कार्य के लिये आये हो, तुम्हारे भीतर महान आत्मा का निवास है। विश्वास करो कि तुम शरीर नहीं आत्मा हो, तुम मृत्यु नहीं अमर हो, इसलिए तुम्हें कोई नष्ट नहीं कर सकता, कोई तुम्हें विचलित नहीं कर सकता।

विश्वास करो कि तुम अकेले नहीं हो। जंगल, नदी, पर्वत और एकान्त में भी तुम अकेले नहीं हो, तुम्हारे साथ सर्वशक्तिमान सर्वव्यापक परमात्मा है। जब तुम सोते हो और गाढ़ निद्रा में होते को तब भी परम प्रभु तुम्हारे अंग संग होता है। तुम्हारा वह अनन्त पिता तुम्हें जीवन दे रहा है, वह तुम्हें महान और चिरायु बनाना चाहता है इसलिए किसी भी दशा में अपने आपको अकेला और असहाय न मानो, भला जब अमरत्व सहायों का भी सहाय राजाओं का भी राजा परम प्रभु तुम्हारे साथ हैं तब तुम अपने आपको निराश्रित और असहाय क्यों समझते हो। क्या हुआ यदि तुम्हारा विनाश करने के लिए सब साँसारिक शक्तियाँ एकत्र हैं। यदि परमपिता तुम्हारी रक्षा कर रहा है तो विश्वास करो कोई तुम्हारा बाल भी बाँका नहीं कर सकता। विश्वास करो, तुम्हारा पिता तुम्हें प्यार करता है। वह तुम्हें अपने पास बुला रहा है। परन्तु तुम अपने पिता के पास न जाकर बाहर की ओर बढ़े जा रहे हो। जरा रुको, अनन्त प्रेम की प्राप्ति तुम्हें परम पिता के पास होगी।

विश्वास करो। ईश्वर तुम से बहुत उपयोगी कार्य लेना चाहता है। तुम ईश्वर का निमित्त बन कर प्रभु को आत्म समर्पण कर दो, समर्पण करने से तुम्हें बड़ी शक्ति मिलेगी।

आत्म-समर्पण का अर्थ यह नहीं कि तुम आत्मविश्वास खो बैठो। जब तुमने परम आत्मा को आत्मसमर्पण किया है। तब तुम में पूर्ण आत्म-विश्वास जागृत होना चाहिए। उस दशा में तुम महान बन गये हो, तुम्हें भय नहीं रहा ऐसा सोचो तुम महान से मिलकर महान बन गये यह विश्वास करो। विश्वास करो, तुम बलवान हो। निर्बलता पाप है। तुम अपने मन में से निर्बलता को सदा के लिये भगा दो। आत्मा और परमात्मा दोनों बल हैं। तुम्हारी निर्बल मनोवृत्ति मानसिक है। मन भी प्राकृतिक है तुम तो प्रकृति से परे हो। इसलिए मन में कभी निर्बलता को न आने दो।

विश्वास करो, तुम पवित्र और शुद्ध हो। अशुद्धता और अपवित्रता को तुम जब चाहो झाड़ सकते हो, इस लिए यदि तुम से कभी भूल भी हो गई है तो उससे अधिक चिन्तित न बनो। आगे से उस बुराई को कभी न करने के दृढ़ संकल्प के साथ बढ़ो। बढ़ते ही चलो तुम्हें कोई नहीं रोक सकता। आज तक बढ़ने वाले को कोई नहीं रोक पाया। यदि तुम यह सोचो कि कोई तुम्हारा विरोध न करे तभी तुम कर सकोगे तो यह भी कभी न होगा। बहुधा तुम जीवन संघर्ष को ही विरोध मान लेते हो। विरोध के बिना तुम बढ़ने का विचार न करो। तुम विश्वास करो कि तुम सब बाधाओं पर विजयी हो सकोगे, उठो और आगे बढ़ो।

-कर्मयोग से

अखण्ड  ज्योति .

Saturday, 25 August 2018

श्वासकला का महत्व

श्वासकला का महत्व

श्वास के बिना जीवन सम्भव ही नहीं है। श्वास पर नियंत्रण करके मनुष्य अपनी आयु बढ़ा सकते हैं।

इज़राईल देश की बात हैः

एक ईसाई महिला पादरी के पास गयी। उसने कहाः

पादरी जी ! मैं मुसीबत में पड़ गयी हूँ। मैं अभी-अभी अखबार पढ़कर आपके पास आयी हूँ। मेरे पति को ईनाम में पाँच लाख डॉलर मिलने वाले हैं। उसने अपनी जिंदगी में कभी दस डॉलर भी साथ नहीं देखे हैं। वह यदि पाँच लाख डॉलर का ईनाम सुनेगा तो मर जायेगा। आप कृपा करिये।

पादरीः तुम फिकर मत करो। मैं तुम्हारे घर चलता हूँ। तुम्हारे पति नौकरी से कब लौटते हैं ?

महिलाः शाम को करीब 5.30 बजे।

पादरीः ठीक है, मैं 5.00 बजे तुम्हारे घर पहुँच जाऊँगा।

पादरी समय से उस महिला के घर पहुँच गया। उस महिला का पति आया। कुशलक्षेम पूछने के उपरांत पादरी ने कहाः

तुम्हें बधाई देने के लिए आया हूँ। तुम्हारी लाटरी लगी है।

पतिः कितने की लाटरी लगी है ?

पादरीः दस हजार डॉलर की।

पतिः अच्छा, दस हजार डॉलर ?

पादरी ने सोचा कि अब धीरे-धीरे अंक बढ़ाता जाऊँ। पादरी ने पुनः कहाः

नहीं, एक लाख डॉलर।

पतिः क्या सचमुच ?

पादरीः हाँ, सचमुच एक लाख डॉलर की लगी है।

पतिः यदि एक लाख डॉलर की लाटरी लगी है तो इसमें से पचास हजार डॉलर मैं आपको दे दूँगा।

पादरी को हुआ कि यह आधे डॉलर दान करने की बात कर रहा है तो क्यों न इसे असली रकम ही बता दूँ ? पादरी ने कहाः

नहीं, नहीं, वास्तव में तुम्हारी पाँच लाख डॉलर की लाटरी लगी है।

पतिः पाँ….च….ला…ख….डॉ….ल…..र….! इतना कहते ही उसका हार्टफेल हो गया।

संसार के विषयों में जीते-जीते हमारा अंतःकरण इतना दुर्बल हो जाता है कि हम न थोड़ा-सा दुःख झेल सकते हैं, न थोड़ा-सा सुख झेल सकते हैं। हर्ष से हृदय फैल जाता है और शोक से सिकुड़ जाता है। हृदय इतना आंदोलित हो जाता है कि जितना मानव को जीना चाहिए, उतना जी नहीं पाता और जल्दी मर जाता है, इसी को बोलते हैं-हार्टफेल।

तुम्हार हृदय जितना आंदोलित होता है उतनी तुम्हारी आयुष्य कम होती है। खरगोश और कबूतर एक मिनट में 38 श्वास खर्च करते हैं, वे अधिक से अधिक 8 साल जी सकते हैं। बंदर एक मिनट में 32 श्वास खर्च करता है, वह 10 वर्ष तक जी सकता है। कुत्ता एक मिनट में 29 श्वास खर्च करता है, वह भी 14 वर्ष तक जी सकता है। घोड़ा एक मिनट में 19 श्वास खर्च करता है, वह करीब 50 साल तक जी सकता है।

मनुष्य एक मिनट में 15 श्वास खर्च करे तो वह 100 साल तक जी सकता है। अगर आधि-व्याधि के कारण अधिक श्वास खर्च करता है तो उतनी जल्दी मरता है।

हाथी एक मिनट में 12 श्वास खर्च करता है, वह करीब 110 साल तक जीता है। सर्प एक मिनट में 8 श्वास खर्च करता है, वह 120 साल तक जी सकता है। कछुआ एक मिनट में केवल 5 श्वास खर्च करता है, वह 150 साल तक जी सकता है।

कहने का तात्पर्य यह है कि हम जितने श्वास कम खर्च करते हैं उतनी आयुष्य लम्बी होती है। आयुष्य वर्ष पर निर्धीरित नहीं होती है, श्वास पर निर्धारित होती है। तुम जितने भोग में, चिंता में या हर्ष में ज्यादा जीते हो तो उतनी तुम्हारे श्वास की गति विषम होती है और जितना तुम समता में जीते हो उतनी श्वास की गति सम होती है।

जब तुम क्रोध में होते हो तब श्वास की रिदम (तालबद्धता) एक प्रकार की होती है। जब तुम प्रेम में होते हो तब श्वास की रिदम दूसरे प्रकार की होती है। जब तुम राम में होते हो तो श्वास की रिदम शांत होती है और जब काम में होते हो तो श्वास की रिदम कुछ दूसरे प्रकार की होती है।

यदि तुम को श्वासकला आ जाय, प्राणायाम की विधि आ जाय तो काम, क्रोध, लोभ आदि के समय जो रिदम चलती है उसे तुम बदल सकते हो। काम के समय तुम राम में जा सकते हो क्रोध के समय तुम शांत हो सकते हो, ऐसी कुंजियाँ ऋषियों ने दे रखी हैं। जरूरत है, केवल उस कला को जानने की।

हम जो श्वास लेते हैं वह अलग-अलग काम करने के कारण पाँच प्रकार में बँट जाती हैः प्राण, अपान, उदान, व्यान और समान। इनका कार्य है आपके श्वासोच्छवास को सुव्यवस्थित करना और शरीर के अंगों को सुचारूरूप से चलाना।

प्राणवायु का स्थान अनहात केन्द्र है और उसका रंग पीला है। यह हृदय की धड़कनों को चलाने में सहायक होती है। अपानवायु का स्थान है मूलाधार केन्द्र और उसका रंग है नारंगी। यह शरीर का कचरा बाहर निकालने में सहायक होती है। बालक का जन्म भी अपानवायु के धक्के से होता है। उदानवायु का स्थान है विशुद्धाख्या केन्द्र और रंग है बैंगनी। उसमें आकर्षणशक्ति, अन्न जल आदि ग्रहण करने की शक्ति होती है। व्यानवायु का स्थान है स्वाधिष्ठान केन्द्र और उसका रंग है गुलाबी। यह शरीर में रक्त का संचार करता है और सम्पूर्ण शरीर में व्याप्त है। समानवायु का स्थान मणिपुर केन्द्र है और उसका रंग सफेद है। यह सप्तधातुओं को ठीक रखता है और उन्हें परिपक्व करता है। इसीलिए जो रोगी होता है उसे मैं बताता हूँ कि सूर्य की किरणों में ऐसे बैठें कि किरणें नाभि पर पड़ें फिर श्वास लेकर भावना करें कि मैं निरोग हो रहा हूँ….। उसके बाद हरि ૐ…हरि ૐ…. का उच्चारण करें ताकि यह केन्द्र विकसित हो और सात रसों को ठीक से पचाये। इससे रोग के कीटाणु नष्ट होने में मदद मिलती है, नये कीटाणु नहीं बनते हैं और रोग मिट जाता है। इससे चमत्कारिक फायदा होता है।

सूर्य में जो सात रंग हैं वे ही रंग तुम्हारे केन्द्रों में काम करते हैं। जब तुम गहरे श्वास लेते हो तब बाकी के श्वास भी ठीक से काम करने की ऊर्जा पा लेते हैं। इससे स्वास्थ्य भी ठीक रहता है और मन भी ठीक रहता है।

कमजोर लोग या बूढ़े लोग बीमार पड़ते हैं तब चतुर व्यक्ति पूछता हैः आज कौन सी तिथि है ? अगर अमावस या पूनम निकट होती है तो वह कहता हैः अगर अमावस या पूनम निकाल ले तो बूढ़ा जी लेगा। क्योंकि एकम्, दूज, तीज को तुम्हारी प्राणशक्ति सूर्य की किरणों से और वातावरण से विशेष ऊर्जा ले आती है। ज्यो-ज्यों तिथियाँ आगे बढ़ती हैं त्यों-त्यों तुम्हारी प्राणशक्ति कम होती जाती है। श्मशान के रजिस्टर से भी पता चलता है कि बड़ी उम्र वाले उन्हीं दिनों में अधिक मरते हैं।

जिनकी उम्र ज्यादा हो, जिन्हें ऊर्जा ज्यादा न मिलती हो, वे लोग प्रातः पानी प्रयोग के साथ में यह प्रयोग करें- एक लहसुन के तीन टुकड़े कर दें। एक टुकड़े को कुचलकर एक गिलास पानी में डालकर पी लें, दूसरे टुकड़े को दूसरे गिलास पानी में एवं तीसरे टुकड़े को तीसरे गलास पानी में डाल कर पी लें। इससे कई बीमारियाँ मिटती हैं और ऊर्जा बनती है, किंतु लहसुन में एक घाटा है कि इसके सेवन से स्वभाव में क्रोध बढ़ जाता है। इसलिए औषधिरूप में अत्यंत कम मात्रा में सेवन करें।

कई बार श्वास की रिदम बदलने से भी लाभ होता है। चतुर माताएँ जानती हैं कि बच्चा जब रोता है और खिलौने अथवा मीठी गोली से भी चुप नहीं होता है तब माँ उसे खुली हवा में ले आती है और थोड़ा उछालती है, कुदवाती है, इससे बच्चे का रोना तुरन्त बन्द हो जाता है। इसका कारण क्या है कि बच्चे की श्वास की रिदम बदल जाती है, उसका मनोभाव बदल जाता है और वह सुखी हो जाता है।

तुम्हारे जीवन में भी कभी दुःख या अशांति आ जाय तब किसी जलाशय के पास चले जाओ, हाथ पैर और मुँह धो लो तथा पंजे के बल से थोड़ा कूद लो। इससे तुम्हारे प्राणों की रिदम बदलेगी और अशांत विचारों में परिवर्तन आ जायेगा। निराशा-हताशा भाग जायेगी। मन प्रसन्न होने लगेगा। एवं शांति बढ़ने लगेगी।

प्राण अगर तालबद्ध चलने लग जायें तो सूक्ष्म बनेंगे। श्वास अगर तालबद्ध होगा तो दोष  अपने-आप दूर हो जायेंगे। अशांति अपने आप दूर होने लगेगी।

इन्द्रियों का स्वामी मन है और मन का स्वामी प्राण है। योगियों का कहना है कि अगर प्राण पर पूरा प्रभुत्व आ जाय तो तुम चन्द्र और सूर्य को गेंद की तरह अपनी इच्छा के अनुसार चला सकते हो, नक्षत्रों को अपनी जगह से हिला सकते हो ! पूर्वकाल में सती शांडिली ने सूर्य की गति को रोक दिया था।

प्राण सूक्ष्म होते हैं, प्राणायाम के अभ्यास से। जिसने अभ्यास करके प्राणों पर नियंत्रण पाकर मन को जीत लिया है, उसने समझो सब कुछ जीत लिया है।

स्रोतः ऋषि प्रसाद,

Saturday, 4 August 2018

शीतली प्राणायाम/ Sheetli Pranayam

शीतली प्राणायाम क्या है :-

शीतली प्राणायाम दो शब्दों से मिलकर बना है शीतली + प्राणायाम = शीतली प्राणायाम, इस प्राणायाम को करने से शरीर को ठंडक मिलती है । इसलिए इसे शीतली प्राणायाम कहा जाता है। यह प्राणायाम एक छायादार वृक्ष की तरह है जो भरपूर ऑक्सीजन का निर्माण करता है। ये गर्मियों के मौसम में किया जाने वाला सबसे अच्छा प्राणायाम है।

विधि :-

  सबसे पहले समतल जमीन पर कोई दरी बिछा कर उस पर सिद्धासन , सुखासन की अवस्था में बैठ जाएँ । अब अपनी जीभ को बहार निकालकर उसे मोड़ लें अथार्त उसे मोड़ कर पाइप जैसा बना लें । अब इस जीभ के माध्यम से लम्बी व् गहरी स्वांस खींचकर अपने पेट में वायु को भर दें । अब अपनी बहार निकली हुई जीभ को अन्दर कर लें और अपने मुहं को बंद कर लें । अब अपनी गर्दन को आगे की ओर झुकाकर अपने जबड़े के अगले हिस्से को छाती से लगा लें । अब अपने स्वांस को नासिका के जरिये स्वांस को बाहर निकाल दें  ध्यान रखें कि आपको सांस एक साथ बहार नहीं निकालना है बल्कि धीरे -धीरे बहार निकालना है ।


लाभ :-

1-गर्मी में फायदेमंद :- हमारे शरीर से गर्म वायु को निकाल कर उसमें शीतल वायु का प्रवेश कराता है जिससे हमारे शरीर से गर्मी बहार निकल जाती है और पूरा शरीर ठंडा हो जाता है |

2- ब्लड प्रेशर को कम करे :- अगर आपका B.P या blood pressure (रक्तचाप ) बढ़ा हुआ है तो आप शीतली प्राणायाम का अभ्यास करके हाई ब्लड प्रेशर(उच्च रक्तचाप) को कम कर सकते हैं | अगर आपका B.P लो है तो आप इस प्राणायाम का अभ्यास न करें क्यूंकि ये बढे हुए B.P को कम करता है |

3 - चेहरे पर चमक बने :- इस प्राणायाम के अभ्यास से हम अपने चेहरे पर प्राक्रतिक चमक ला सकते हैं |क्योंकि यह ब्लड को सुद्ध करता है अगर हमारा ब्लड साफ़ हो जाता है तो अपने आप ही चेहरे पर चमक बढ़ जाती है।

4-आंखों की समस्याओं से निजात :- अगर कोई भी व्यक्ति इस प्राणायाम का नियमित रूप से अभ्यास करता है तो वो अपनी आँखों की समस्या से जल्द ही छुटकारा पा सकता है | अगर उसके चश्मे भी चढ़े हुए हैं तो वो भी उतर सकते हैं इसके लिए आप कुछ देशी औषधि का सेवन भी कर सकते हैं ।


सावधानी :-

ये प्राणायाम सुबह -सुबह खाली पेट करना चाहिए । इसका अभ्यास सर्दियों के मौसम में नहीं करना चाहिए । दमा, कफ , खांसी की शिकायत वाले लोगों को यह आसन नहीं करना चाहिए । लो ब्लडप्रेशर से ग्रसित लोगों को ये प्राणायाम नहीं करना चाहिए। इसका अभ्यास पूरा होने के बाद कुछ देर विश्राम करें। शीतली प्राणायाम के समय साँस लयबद्ध और गहरी होनी चाहिए।

Sunday, 22 July 2018

भस्त्रिका प्राणायाम/ Bhastrika Pranayam

भस्त्रिका प्राणायाम

भस्त्रिका प्राणायाम एक भस्त्र या धौंकनी की तरह कार्य करता है। यह भौतिक औऱ सूक्ष्म शरीर को गर्म करता है। यह एक ऐसा  प्राणायाम है जिसमें लगातार तेजी से बलपूर्वक श्वास लिया और छोड़ा जाता है।

विधि

  • सबसे पहले आप पद्मासन में बैठ जाए। अगर पद्मासन में न बैठ पाये तो किसी आराम अवस्था में बैठें लेकिन ध्यान रहे आपकी शरीर, गर्दन और सिर सीधा हो।
  • शुरू शुरू में धीरे धीरे सांस लें।
  • और इस सांस को बलपूर्वक छोड़े।
  • अब बलपूर्वक सांस लें और बलपूर्वक सांस छोड़े।
  • इस अभ्यास के दौरान आपकी ध्वनि साँप की हिसिंग की तरह होनी चाहिए।

लाभ

  1. भस्त्रिका प्राणायाम अस्थमा रोगियों के लिए बहुत ही उम्दा योगाभ्यास है। कहा जाता है की नियमित रूप से इस प्राणायाम का अभ्यास करने से अस्थमा कम ही नहीं होगा बल्कि हमेशा हमेशा के लिए ठीक हो जायेगा।
  2. इस योग के अभ्यास से गले की सूजन में बहुत राहत मिलती है।
  3. यह जठरानल को बढ़ाता है, बलगम को खत्म करता है, नाक और सीने की बीमारियों को दूर करता है।
  4. इसके प्रैक्टिस से भूख बढ़ाता है।
  5. हठप्रदीपिका के अनुसार वायु, पित्त और बलगम की अधिकता से होनी वाली बीमारियों को दूर करता है और शरीर को गर्मी प्रदान करता है।
  6. यह प्राणायाम नाड़ी प्रवाह को शुद्ध करता है।
  7. यह श्वास से संबंधित समस्याओं को दूर करने के लिए सबसे अच्छा प्राणायाम है।

सावधानियां

  • भस्त्रिका प्राणायाम उच्च रक्तचाप वाले व्यक्ति को नहीं करनी चाहिए।
  • हृदय रोग, सिर चकराना, मस्तिष्क ट्यूमर, मोतियाबिंद, आंत या पेट के अल्सर या पेचिश के मरीजों के ये प्राणायाम नहीं करना चाहिए।
  • गर्मियों में इसके बाद सितली या सितकारी प्राणायाम करना चाहिए, ताकि शरीर ज्यादा गर्म ना हो जाए।

Saturday, 21 July 2018

कपालभाति प्राणायाम/ Kapalbhanti Pranayam

कपालभाती आसन एक ऐसा आसन है जिसमें सभी योगासनों का फायदा मिलता है। इसलिए इसे अपनी दिनचर्या में शामिल करें।
योग की हर क्रिया कारगर होती है, लेकिन बात जब कपालभाती प्राणायाम की होती है तो इसे जीवन की संजीवनी कहा जाता है। योग के आसनों में यह सबसे कारगर प्राणायाम माना जाता है। यह तेजी से की जाने वाली एक रोचक प्रक्रिया है। दिमाग के आगे के हिस्‍से को कपाल कहते हैं और भाती का अर्थ ज्योति होता है।

कैसे करें

कपालभाती प्राणायाम करने के लिए सिद्धासन, पद्मासन या वज्रासन में बैठकर सांसों को बाहर छोड़ने की क्रिया करें। सांसों को बाहर छोड़ने या फेंकते समय पेट को अंदर की तरफ धक्का देना है। ध्यान रखें कि सांस लेना नहीं है क्योंकि उक्त क्रिया में सांस अपने आप ही अंदर चली जाती है। इससे मूल आधार चक्र जाग्रत होकर कुं‍डलिनी शक्ति जागृत होने में मदद मिलती है। कपालभाती प्राणायाम करते समय ऐसा सोचना है कि हमारे शरीर के सारे नकारात्‍मक तत्व शरीर से बाहर जा रहे हैं।

फायदे

  1. कपालभाति प्रणायाम की मदद से आप अपने शरीर से टॉक्सिन्स को बाहर निकाल सकते हैं।
  2. ये लिवर और किडनी को बेहतर काम करने लायक बनाता है।
  3. इस प्रणायाम से थकान कम होती है और शरीर में स्फूर्ति आती है।
  4. ये आंखों के नीचे के काले घेरों को भी ठीक करता है।
  5. कपालभाति प्रणायाम से ब्लड सर्कुलेशन ठीक होता है और शरीर का मेटाबॉलिज्म अच्छा होता है।
  6. ब्लड सर्कुलेशन ठीक होने के कारण आपका दिमाग अच्छी तरह काम करता है।
  7. इस प्रणायाम से फेफड़ों का फंक्शन भी अच्छा हो जाता है।

शरीर की अतिरिक्‍त चर्बी कम होती है खासकर पेट की, यानी यह वजन कम करने में भी कारगर आसन है।  इसके नियमित अभ्‍यास करने से कब्ज, गैस, एसिडिटी जैसी पेट से संबंधित समस्या भी दूर हो जाती है।
कपालभाती प्राणायाम का सबसे ज्याद प्रभाव पड़ता है शरीर और मन पर, क्‍योंकि यह मन से नकारात्‍मक तत्‍वों को दूर कर सकारात्‍मकता लाता है। थायराइड, चर्म रोग, आंखों की समस्‍या, महिलाओं की समस्‍या, डायबिटीज, कैंसर, हीमोग्‍लोबिन का स्‍तर सामान्‍य करना, किडनी को मजबूत बनाने जैसे सभी तरह की समस्‍याओं को दूर करने की क्षमता होती है

 सावधानी

जिन लोगों को सांस संबंधी समस्‍या हो उनको चिकित्‍सक की सलाह के बाद ही यह आसन करना चाहिए।


 

Monday, 16 July 2018

प्राणायाम क्यों जरूरी है

प्राणायाम क्यों जरूरी है ??
शरीर के स्वस्थ बने रहने में हमारे श्वसन तंत्र की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है. दूषित और विषाक्त पर्यावरण वैसे ही हमारे स्वास्थ्य को ग्रस रहा है उस पर हमारा गलत आहार-विहार और सही जीवन शैली सम्बन्धी हमारी अज्ञानता इसमें इजाफा कर रहे हैं. Biovatica.com इस लेख के माध्यम से श्वसन तंत्र को सशक्त और शरीर को स्वस्थ बनाने में आहार और उचित जीवन शैली की भूमिका पर प्रकाश डाल रहे हैं.
प्राकृतिक चिकित्सा की मान्यता के अनुसार हमारा शरीर तभी अस्वस्थ होता है जब शरीर में विषाक्त द्रव्य एकत्रित होने लगते हैं. शरीर को शुद्ध रखने वाले अंग जब अपनी क्षमता के अनुरूप कार्य नहीं कर पाते तब यह स्थिति उत्पन्न होती है.
हमारा शरीर जीवित रहे और उसके सारे क्रिया-कलाप सुचारु ढंग से चलते रहें इसके लिए हमारे शरीर को निरंतर ऊर्जा व् शक्ति की आवश्यकता रहती है जिसकी आपूर्ति के लिए हमें नियमित रूप से भोजन, पानी व् श्वास (ऑक्सीजन) ग्रहण करते रहना होता है. अब नियमित रूप से शरीर द्वारा ग्रहण किये गए विभिन्न आहार से ऊर्जा प्राप्त करने की प्रक्रिया से उत्पन्न पदार्थों के रूप में शरीर में निरंतर गंदगी भी एकत्रित होती रहती है. इतना ही नहीं शरीर में नियमित रूप से होने वाली टूट-फुट और चयापचय के कारण भी कई अनावश्यक तत्व शरीर में इकठ्ठा होने लग जाते हैं.
शरीर से नियमित रूप से गंदगी का निष्कासन होता रहे इसके लिए शरीर के चार सफाई कर्मचारी नियमित रूप से काम करते रहते हैं. शरीर को स्वस्थ रखने के लिए शरीर को गन्दगी से मुक्त रखना बहुत आवश्यक है और इसके लिए इन प्रमुख सफाई अंगों को शक्तिशाली व् कार्यक्षम बनाये रखना बहुत आवश्यक है ताकि वे अपनी पूर्ण कार्यक्षमता से कार्य कर सकें और शरीर में गंदगी एकत्र ही न हो. मनुष्य शरीर के, सफाई करने वाले चार प्रमुख अंग हैं -
१) त्वचा
२) मूत्र संस्थान
३) मल संस्थान
४) श्वसन संस्थान .
इनमे से सबसे महत्वपूर्ण संस्थान - श्वसन संस्थान को सशक्त बनाने सम्बन्धी कुछ साधारण बिंदुओं पर इस आर्टिकल में विस्तृत विवरण दिया जा रहा है.श्वसन तंत्र अर्थात फेफड़ों के कार्य, उनकी उपयोगिता और उनको सबल बनाने वाले आहार विहार और जीवन शैली साधारण दिखने वाले लेकिन प्रभावी और महत्वपूर्ण बिंदुओं पर हम सिलसिलेवार चर्चा करेंगे. अंत में शरीर में कफ वृद्धि होने पर किन बातों का ख्याल रखना चाहिए इस पर बात होगी. तो लीजिये, इस विषय पर बिंदुवार चर्चा शुरू करते हैं.
 
शरीर का सर्वाधिक शक्तिशाली सफाई करने वाला अंग - फेफड़ा - मनुष्य शरीर से निष्कासित होने वाली गंदगी का ३% मल संस्थान के माध्यम से , ७ % स्वेदन संस्थान यानी पसीने के माध्यम से, १५% मूत्र संस्थान के माध्यम से और ७५% फेफड़ों के माध्यम से नियमित रूप से निष्कासन होता रहता है.
प्रायः यह देखा गया है की व्यक्ति फेफड़ों का सही प्रकार और सही विधि से न तो उपयोग करता है और न फेफड़ों को ऑक्सीजन ग्रहण करने के लिए आदर्श वातावरण ही प्रदान करता है. यही वजह है की वह हमेशा थका-थका, साइनस , सर्दी, दमा जैसे कई कफजनित रोगों से ग्रसित रहता है. इतना ही नहीं फेफड़ों की पूरी क्षमता का उपयोग न कर पाने की वजह से उसका पाचन भी प्रभावित होता है.

मनुष्य अपने फेफड़ों की क्षमता का पूर्ण उपयोग नहीं करता - सामान्य अवस्था में मनुष्य अपने फेफड़ों की बहुत ही कम क्षमता का उपयोग करते है. प्रायः मनुष्य फेफड़ों की ३३ प्रतिशत कार्यक्षमता का ही प्रयोग अपने सामान्य जीवन में कर पाते हैं क्यूंकि उनकी जीवनशैली में व्यायाम, योग, टहलना या अन्य कोई शारीरिक गतिविधि शामिल नहीं होती है. इस पर जुल्म यह की प्रदूषित वातावरण के कारण उसे पर्याप्त ऑक्सीजन भी नहीं मिलता उल्टा विभिन्न विषाक्त गैस और रसायन उसके शरीर में पहुँचते रहते हैं. सामान्य श्वास-प्रश्वास के माध्यम से ५०० मिली वायु ग्रहण की जाती है जबकि फेफड़ों की कार्यक्षमता पुरुषों में ३.६ से ६.३ लीटर व् महिलाओं में २.५ से ४.७ लीटर होती है. इससे यह पता चलता है की फेफड़ों की कार्यक्षमता का कितना कम प्रतिशत मनुष्य उपयोग में लाता है.

शक्ति का भण्डार - ऑक्सीजन
ऑक्सीजन का हमारे जीवन में बहुत महत्वपूर्ण स्थान है. मनुष्य ऑक्सीजन के बिना जीवित नहीं रह सकता. इसीलिए श्वास द्वारा फेफड़ों में जाने वाली वायु को प्राणवायु कहते हैं. हमारी जीवन यात्रा के लिए पर्याप्त मात्रा में प्राणवायु की आवश्यकता रहती है और कम प्राणवायु से शरीर स्वस्थ कैसे रह सकता है. कहने का तात्पर्य ये है की जितना अधिक हम अपने फेफड़ों को दूषित वातावरण से बचा सकें और स्वस्थ शुद्ध वातावरण में अपने फेफड़ों को पर्याप्त ओक्सिजेन उपलब्ध करा सकें तो शरीर उतना ही स्वस्थ व् निरोगी रहेगा.
ऑक्सीजन का चमत्कार - हम जब घर में रहते हैं तो थोड़े से भोजन को भी पचाने के लिए पाचक चूर्ण और दवा-गोलियों का सहारा लेना पड़ता है और वहीँ जब हम बाहर घूमने जाते हैं तो सामान्य की तुलना में अधिक आहार खाकर उसे बड़ी आसानी से पचा लेते हैं. पहाड़ी इलाकों के शुद्ध वातावरण में जीवन जीने वाले लोग दिन में चार चार बार खाना खाते हैं और वो भी बिना किसी औषधि के सहारे के पच जाता है. उक्त बातें शुद्ध वायु के महत्त्व को प्रतिपादित करने के लिए पर्याप्त हैं. और यही कारण है की जब हम बाहर जाते हैं तो अत्यधिक मात्रा में सेवन किये गए भोजन का भी आसानी से पाचन हो जाता है.
हमें ऑक्सीजन की आवश्यकता क्यों होती है ? - अब इस बात पर विचार करना जरुरी हो जाता है की हमें शुद्ध वायु अर्थात ऑक्सीजन की आवश्यकता क्यों होती है? हमारे द्वारा भोजन में ग्रहण किये गए आहारीय द्रव्यों के पाचन का अंतिम पाचन कण ग्लूकोज़ होता है. यही ग्लूकोज़ रक्त के माध्यम से शरीर की कोशिकाओं तक पहुँचाया जाता है. श्वास के माध्यम से हम जो ऑक्सीजन लेते हैं वह भी रक्त के द्वारा प्रत्येक कोशिकाओं तक पहुँच कर ग्लूकोज़ का ज्वलन करती है. यदि किसी भाग में ग्लूकोज़ व् ऑक्सीजन न पहुंचे तो वहां की कोशिकाएं काम करना बंद कर देती हैं. अर्थात शरीर के उस हिस्से की कोशिकाएं मर जाती हैं. इसलिए कई बार जब शरीर का अंग दबा हुआ या असक्रिय होता है तो शरीर के उस अंग में सुन्नता का अहसास होता है. इसलिए जब भी किसी अंग में सुन्नता का एहसास हो तो समझ लेना चाहिए की वहां ऑक्सीजन का संचार नहीं हो रहा है.
ताज़ी वायु से कम समय में विश्राम - जब हम खुली छत के नीचे सोते हैं तो कम समय में ही नींद से संतुष्टि मिल जाती है क्यूंकि जब हम खुली छत के नीचे सोते हैं तो फेफड़ों को पर्याप्त मात्रा में शुद्ध ऑक्सीजन की प्राप्ति नियमित रूप से होती रहती है. और शरीर कम समय में ही ताज़गी का अनुभव करने लगता है और थकान से मुक्त हो जाता है. वहीँ बंद कमरे में सोने पर देर तक सोने के बाद भी उठने की इच्छा नहीं होती और थकावट व् सुस्ती का एहसास होता है.उपरोक्त उदाहरण यह समझने के लिए पर्याप्त है की शरीर को ऊर्जा प्रदान करने में शुद्ध वायु का कितना महत्त्व है.

फेफड़े कैसे काम करते हैं?
श्वसन को प्रायः हम श्वास लेना व् छोड़ना समझते हैं लेकिन श्वसन चार भाग में होता है :-
१) वायुमंडल से ऑक्सीजन को नासिका के माध्यम श्वास नाली से होते हुए फेफड़ों तक पहुँचाना तथा कार्बन डाइऑक्सइड को फेफड़ों के माध्यम से शरीर से बाहर निकालना.
२) फेफड़ों से ऑक्सीजन को रक्त में भेजना व् कार्बन डाइऑक्सइड को रक्त से लेकर वायुमंडल में छोड़ना.
३) फेफड़ों में शुद्ध हुए रक्त को ह्रदय की ओर ले जाना.
४) श्वसन प्रक्रिया पर नियंत्रण करना.
कैसे बढ़ाएं अपने फेफड़ों की कार्यक्षमता - स्वस्थ शरीर की सबसे पहली आवश्यकता है की शरीर के फेफड़े स्वस्थ वातावरण में अपनी पूर्ण कार्य क्षमता से कार्य करें. फेफड़ों की कार्यक्षमता को बढ़ने के लिए श्वास की क्रियाएं व् प्राणायाम के अभ्यास बहुत ही लाभदायक होते हैं. श्वास की क्रियाएं व् प्राणायाम के नियमित अभ्यास से फेफड़ों की कार्यक्षमता में अपार वृद्धि होती है. इसके साथ ही प्राणायाम के अभ्यास से मन को भी शांत किया जा सकता है जिससे परोक्ष रूप से फेफड़ों की कार्यक्षमता में वृद्धि होती है. इन क्रियाओं और प्राणायाम को प्रातःकाल या सायं काल खाली पेट ही करना चाहिए.
फेफड़ों के स्वास्थ्य के लिए वज़न नियंत्रित करें - फेफड़ों के श्रेष्ठ स्वास्थ्य के लिए संतुलित वज़न का होना बहुत आवश्यक होता है. पेट का अत्यधिक बढ़ा हुआ वज़न फेफड़ों व् ह्रदय की कार्यक्षमता पर प्रतिकूल प्रभाव डाल कर फेफड़ों की कार्यक्षमता को कम करता है क्यूंकि इससे फेफड़ों पर दबाव पड़ता है. इसीलिए आज मोठे लोगों में स्लीप एप्निआ (sleep apnea ) नामक रोग की वृद्धि हो रही है. अर्थात शरीर के वज़न को आदर्श स्तर पर रखने से शरीर को ही नहीं बल्कि फेफड़ों को भी सुरक्षित स्वास्थ्य प्रदान किया जा सकता है.

फेफड़ों के स्वास्थ्य के लिए मेग्नेशियम युक्त आहार का सेवन करें - फेफड़ों के श्रेष्ठ स्वास्थ्य के लिए मैग्नेसियम बहुत आवश्यक है. कफ जनित रोग होने पर आहार में मैग्नेसियम युक्त तत्वों का सेवन बढ़ने से लाभ होता है. मेग्नेशियम साबुत अनाज, हरी सब्ज़ियों विशेष तौर पर पालक, सूखे मेवे , खड़े मुंग, खड़े मोथ व् समस्त फलियों में पाया जाता है.
क्षारीय आहार का सेवन करें - यदि फेफड़ों को स्वस्थ बनाना है तो आहार में क्षारीय तत्वों का पर्याप्त मात्रा में सेवन करना चाहिए. ताज़े मौसमी फलों व् सब्ज़ियों में पर्याप्त मात्रा में क्षार होता है. खट्टे फल, हरी पत्तेदार सब्ज़ियां, टमाटर, जामुन को अपने आहार में शामिल करना चाहिए. अंकुरित अनाज, ब्रोक्कोली, गाजर, सरसों की भाजी, मूली, कद्दू, अंजीर, तिल्ली, बादाम व् सेबफल का सेवन कफ जनित रोगों में लाभ देता है. प्रति सप्ताह ५ सेबफल का सेवन फेफड़ों के स्वास्थ्य के लिए लाभप्रद है. इसके साथ ही अनेक प्रकार के रंगों के फल व् सब्जियों का सेवन करना चाहिए ताकि शरीर को पर्याप्त मात्रा में एंटी-ऑक्सीडेंट तत्व प्राप्त हो सके. इसके अतिरिक्त आहार में अंगूर का पर्याप्त सेवन करना चाहिए. इसी तरह स्वस्थ फेफड़ों की क्षमता के लिए किशमिश का सेवन अवश्य करना चाहिए. अलसी का सेवन करने से शरीर को ओमेगा ३ की प्राप्ति होती है तथा इसके सेवन से फेफड़ों को स्वस्थ रहने में मदद मिलती है. ओमेगा ३ की प्राप्ति अलसी के अलावा अखरोट का सेवन करने से भी होती है.
 नमक का सेवन कम करें - आहार में अत्यधिक नमक का सेवन शरीर में सूजन बढ़ने के साथ-साथ फेफड़ों को भी रोग का शिकार बनता है. नमक का सेवन शरीर का वज़न भी बढ़ता है.
* पर्याप्त मात्रा में पानी का सेवन करें

* प्रदुषण से बचें - जो व्यक्ति सिगरेट का सेवन करते हैं और निरंतर वायु प्रदूषित पर्यावरण में रहते हैं उनके फेफड़ों की कार्यक्षमता में निरंतर कमी आती है. इसलिए सिगरेट के सेवन से बचना चाहिए तथा प्रदूषित वातावरण में जाने के पहले कपडे से नाक को पूर्ण सुरक्षा प्रदान की जानी चाहिए.कफ व् कफ जनित रोगों से सुरक्षित रखने के लिए, ठंडी हवा से शरीर को सुरक्षित रखने के लिए नाक व् सिर को कपडे से ढक कर सुरक्षा प्रदान करना चाहिए.
फेफड़े शरीर के स्वस्थ बने रहने में हमारे श्वसन तंत्र की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है. दूषित और विषाक्त पर्यावरण वैसे ही हमारे स्वास्थ्य को ग्रस रहा है उस पर हमारा गलत आहार-विहार और सही जीवन शैली सम्बन्धी हमारी अज्ञानता इसमें इजाफा कर रहे हैं.
शरीर मे ऑक्सीजन का स्तर 99% होना चाहिए, यह 96% से कम हो जाए तो व्यक्ति हाइपोऑक्सिया का शिकार हो जाता है। फेफड़ों के रोग होने पर सबसे पहले ऑक्सीजन का स्तर घटता है। हांफना, रक्त की कमी व कमजोरी इसके लक्षण हैं।
एक शोध में पाया गया कि सप्लीमेंट्री ऑक्सीजन (व्यायाम से मिली ऑक्सीजन) से ट्यूमर सेल्स को नष्ट किया जा सकता है। इसके लिए तले-भुने से परहेज करना चाहिए क्योंकि ये फेफड़ों पर कार्बनडाईऑक्साइड की अतिरिक्त परत बनाते हैं जिससे ऑक्सीजन फेफड़ों तक ठीक से पहुंच नहीं पाती। इसके लिए संतुलित आहार लें और पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं।

प्राणायाम + व्यायाम करें
नेचुरोपैथी विशेषज्ञ के अनुसार  प्राणायाम के साथ कार्डियो व्यायाम जैसे रनिंग, जॉगिंग, ब्रिस्क वॉक, साइक्लिंग या एरोबिक्स शरीर में ऑक्सीजन की मात्रा को सामान्य बनाए रखते हैं। इस दौरान व्यक्ति जल्दी-जल्दी सांस लेता और छोड़ता है जिससे फेफड़े सेहतमंद रहते हैं। रोजाना 45 मिनट का प्राणायाम + व्यायाम जरूर करें।

Thursday, 12 July 2018

अनुलोम विलोम प्राणायाम/ Anulom vilom pranayam

अनुलोम विलोम एक बहुत ही महत्वपूर्ण प्राणायाम है| इस प्राणायाम में सांस लेने की क्रिया को बार बार किया जाता है| अनुलोम का मतलब होता है सीधा और विलोम का मतलब होता है उल्टा। इस प्राणायाम में नाक के दाएं छिद्र से सांस को खींचते हैं, और बायीं नाक के छिद्र से सांस को बाहर निकालते है।
अनुलोम विलोम प्राणायम को नाड़ी शोधक प्राणायम के नाम से भी जाना जाता है| इस आसान को करने के लिए उम्र का बंधन नहीं है, हर उम्र के व्यक्ति इसका लाभ उठा सकते है| इसे नियमित रूप से करने पर शरीर की सारी नाडि़यां शुद्ध व निरोग रहती हैं। 

अनुलोम-विलोम प्राणायाम करने का तरीका

किसी भी आरामदायक आसन में बैठ जायें। पद्मासन सबसे उत्तम है, परंतु सिद्धासन या वज्रासन भी ठीक है अगर आप पद्मासन नहीं कर सकते। अगर नीचे बैठना मुमकिन ना हो तो कुर्सी पर भी बैठ सकते हैं।
अपने दाहिने हाथ के अंगूठे के साथ दाहिने नथुने को बंद करें। बाएँ नथुने से धीरे - धीरे श्वास लें।
अब दाहिने नथुने को छोड़ दें, हाथ की रिंग फिंगर से बायें नथुने को बंद कर लें और दाहिने नथुने से श्वास छोड़ें। यह पूरा हुआ एक तरफ का क्रम।
शुरुआत में 2 मिनिट से ज़्यादा ना करें। समय के साथ साथ अवधि बढ़ायें।

अनुलोम विलोम प्राणायाम के लाभ-

- फेफड़े शक्तिशाली होते है।
- सर्दी, जुकाम व दमा की शिकायतों से काफी हद तक बचाव होता है।
- हृदय बलवान होता है।

Monday, 9 July 2018

प्राणायाम क्या है

योग के आठ अंगों में से चौथा अंग है प्राणायाम। 'प्राणस्य आयाम: इत प्राणायाम'। ''श्वासप्रश्वासयो गतिविच्छेद: प्राणायाम''-(यो.सू. 2/49)

भावार्थ : अर्थात प्राण की स्वाभाविक गति श्वास-प्रश्वास को रोकना प्राणायाम है।

प्राणायाम दो शब्दों के मेल से बना है: "प्राण" और "आयम"। प्राण का मतलब 'महत्वपूर्ण ऊर्जा' या 'जीवन शक्ति' है। प्राणायाम श्वास के माध्यम से यह ऊर्जा शरीर की सभी नाड़ियों में पहुँचाता है। "प्राणायाम" शब्द में "प्राण" के साथ "आयम" की संधि की गयी है। आयम का मतलब है विस्तार करना'। तो इसलिए "प्राणायाम" का सही मतलब है "प्राण का विस्तार करना"।

प्राणायाम के प्रकार -
प्राणायाम के कई प्रकार हैं  उसमे से कुछ प्रमुख हैं:

नाड़ी शोधन प्राणायाम
शीतली प्राणायाम
उज्जयी प्राणायाम
कपालभाती प्राणायाम
भास्त्रिका प्राणायाम
बाह्या प्राणायाम
भ्रामरी प्राणायाम
उद्गित प्राणायाम
अनुलोम - विलोम प्राणायाम
अग्निसर क्रिया

प्राणायाम के लाभ -
प्राणायाम का अभ्यास तनाव, अस्थमा और हकलाने से संबंधित विकारों से छुटकारा दिलाने में मदद करता है।
प्राणायाम अवसाद के लिए भी चिकित्सिए है।प्राणायाम के अभ्यास से स्थिर मन, और दृढ़ इच्छा-शक्ति प्राप्त होती है।इसके अलावा नियमित रूप से प्राणायाम करने से लंबी आयु प्राप्त होती है।
आपके शरीर में प्राण शक्ति बढ़ाता है प्राणायाम।अगर आपकी कोई नाड़ी रुकी हुई हो दो उसे को खोल देता है।
मन को स्पष्टता और शरीर को सेहत प्रदान करता है।शरीर, मन, और आत्मा में तालमेल बनाता है।

Saturday, 7 July 2018

ध्यान/ Meditation

      ध्यान एक क्रिया है जिसमें व्यक्ति अपने मन को चेतना की एक विशेष अवस्था में लाने का प्रयत्न करता है। ध्यान का उद्देश्य कोई लाभ प्राप्त करना हो सकता है या ध्यान करना अपने-आप में एक लक्ष्य हो सकता है। अलग-अलग सन्दर्भों में 'ध्यान' के अलग-अलग अर्थ हैं।

महर्षि पतंजलि के अनुसार -
चित्त को एकाग्र करके किसी एक वस्तु पर केन्द्रित कर देना ध्यान कहलाता है। प्राचीन काल में ऋषि मुनि भगवान का ध्यान करते थे। ध्यान की अवस्था में ध्यान करने वाला अपने आसपास के वातावरण को तथा स्वयं को भी भूल जाता है। ध्यान करने से आत्मिक तथा मानसिक शक्तियों का विकास होता है। जिस वस्तु को चित में बांधा जाता है उस में इस प्रकार से लगा दें कि बाह्य प्रभाव होने पर भी वह वहाँ से न हट सके, उसे ध्यान कहते है।

ध्यान से लाभ -
ऐसा पाया गया है कि ध्यान से बहुत से मेडिकल एवं मनोवैज्ञानिक लाभ होते हैं।

बेहतर स्वास्थ्य  -
शरीर की रोग-प्रतिरोधी शक्ति में वृद्धि
रक्तचाप में कमी
तनाव में कमी
स्मृति-क्षय में कमी (स्मरण शक्ति में वृद्धि)
वृद्ध होने की गति में कमी

उत्पादकता में वृद्धि -
मन शान्त होने पर उत्पादक शक्ति बढती है; रचनात्मक कार्यों में यह विशेष रूप से लागू होता है।

आत्मज्ञान की प्राप्ति -
ध्यान से हमे अपने जीवन का उद्देश्य समझने में सहायता मिलती है। इसी तरह किसी कार्य का उद्देश्य एवं महत्ता का सही ज्ञान हो पाता है।
छोटी-छोटी बातें परेशान नहीं करतीं

ध्यान कैसे लगाया जाये?

   


शांत दिमाग और बैठने की सही तकनीक अपनाकर आप ध्यान लगा सकते हैं।
ध्यान करने के लिए सबसे पहले एक ऐसी जगह पर बैठे जो आरामदायक हो और शोर से दूर हो। आपको जिस तरीके से बैठना अच्छा लगे वैसे बैठ जाए। आप कुर्सी पर बैठ सकते है और जमीन पर दोनों पैरों की प्लाथी मार कर भी बैठ सकते है।
बैठने के बाद अपने दोनों आँखे बंद कर ले। आँखे बंद करके आठ से दस बार लंबी और गहरी साँस ले फिर धीरे धीरे सांस छोड़े। अब आप अंतर्मन की आवाज़ पर ध्यान लगायें। शुरु में अगर आवाज़ सुनाई ना दे तो कोई बात नहीं आप प्रयास करते रहे। निरंतर और सही तरीके से प्रयास करने पर कुछ समय में आपको आवाज सुनाई देने लगेगी।
        ध्यान करने के लिए म्यूज़िक का सहारा भी ले सकते है या फिर किसी मंत्र का जाप करके मंत्र की ध्वनि पर ध्यान केंद्रित कर सकते हैं।

Monday, 2 July 2018

योग में यम क्या है/ What is the Yam in Yog

महर्षि पतञ्जलि ने योग को 'चित्त की वृत्तियों के निरोध' के रूप में
परिभाषित किया है। योगसूत्र में उन्होंने पूर्ण कल्याण तथा शारीरिक,
मानसिक और आत्मिक शुद्धि के लिए आठ अंगों वाले योग का एक मार्ग विस्तार
से बताया है। अष्टांग, आठ अंगों वाले, योग को आठ अलग-अलग चरणों वाला
मार्ग नहीं समझना चाहिए; यह आठ आयामों वाला मार्ग है जिसमें आठों आयामों
का अभ्यास एक साथ किया जाता है। योग के ये आठ अंग हैं:

*'यम' : पांच सामाजिक नैतिकता

*अहिंसा – शब्दों से, विचारों से और कर्मों से किसी को हानि नहीं पहुँचाना

*सत्य – विचारों में सत्यता, परम-सत्य में स्थित रहना

*अस्तेय – चोर-प्रवृति का न होना

*ब्रह्मचर्य – दो अर्थ हैं:

* चेतना को ब्रह्म के ज्ञान में स्थिर करना
* सभी इन्द्रिय-जनित सुखों में संयम बरतना

*अपरिग्रह – आवश्यकता से अधिक संचय नहीं करना और दूसरों की वस्तुओं की
इच्छा नहीं करना

Saturday, 30 June 2018

राज योग/ RAJYOG

राजयोग
         राजयोग सभी योगों का राजा कहलाता है राजयोग महर्षि पतंजलि द्वारा रचित अष्टांग योग में राजयोग का 
वर्णन आता है। राजयोग का विषय चित्तवृत्तियों का निरोध करना है। महर्षि पतंजलि ने समाहित चित्त वालों के 
लिए अभ्यास और वैराग्य तथा विक्षिप्त चित्त वालों के लिए क्रियायोग का सहारा लेकर आगे बढ़ने का रास्ता 
सुझाया है। इन साधनों का उपयोग करके साधक के क्लेषों का नाश होता है।

         प्रत्येक व्यक्ति में अनन्त ज्ञान और शक्ति का आवास है। राजयोग उन्हें जाग्रत करने का मार्ग प्रदर्शित करता है 
मनुष्य के मन को एकाग्र कर उसे समाधि नाम वाली पूर्ण एकाग्रता की अवस्था में पंहुचा देना। स्वभाव से ही मानव 
मन चंचल है। वह एक क्षण भी किसी वास्तु पर ठहर नहीं सकता। इस मन चंचलता को नष्ट कर उसे किसी प्रकार 
अपने काबू में लाना,किस प्रकार उसकी बिखरी हुई शक्तियो को समेटकर सर्वोच्च ध्येय में एकाग्र कर देना 
यही राजयोग का विषय है। जो साधक प्राण का संयम कर,प्रत्याहार,धारणा द्वारा इस समाधि अवस्था की प्राप्ति 
करना चाहते हे। उनके लिए राजयोग बहुत उपयोगी ग्रन्थ है।

              जब तक मनुष्य के चित्त में विकार भरा रहता है और उसकी बुद्धि दूषित रहती है, तब तक तत्त्वज्ञान 
नहीं हो सकता। राजयोग के अन्तर्गत महिर्ष पतंजलि ने अष्टांग को इस प्रकार बताया है-
१- यम 
२- नियम 
३- आसन 
४- प्राणायाम 
५- प्रत्याहार 
६- धारणा 
७- ध्यान
८- समाधि
            यह परमात्मा से संयोग प्राप्त करने का मनोवैज्ञानिक मार्ग है जिसमें मन की सभी शक्तियों को एकाग्र 
कर एक केन्द्र या ध्येय वस्तु की ओर लाया जाता है।