Showing posts with label Thoughts of the day. Show all posts
Showing posts with label Thoughts of the day. Show all posts

Thursday, 18 April 2019

आत्मसुधार का प्रयास


          चाहे गलती स्वयं की हो मगर दूसरों को दोष देना, यही आज के इस आदमी की फितरत बन गयी है। आदमी गिरता है तो पत्थर को दोष देता है, डूबता है तो पानी को दोष देता है और कुछ नहीं कर पाता तो क़िस्मत को दोष देता है।
         दूसरों को दोष देने का अर्थ ही मात्र इतना सा है कि स्वयं की गलती को स्वीकार करने का सामर्थ्य न रख पाना और अपने में सुधार की सारी संभावनाओं को स्वयं अपने हाथों से कुचल देना।
         खुद के जीवन में दोष होने से भी ज्यादा घातक है, दूसरों को दोष देना क्योंकि इसमें समय का अपव्यय व आत्मप्रवंचना दोनों होते हैं। अतः आत्मसुधार का प्रयास करो, जहाँ आत्म सुधार की प्रवत्ति है, वहीँ परमात्मा से मिलन भी है।

         

Monday, 17 December 2018

आशावादी आस्तिक

विचार मंथन
आशावादी आस्तिक
आशावाद आस्तिकता है। सिर्फ नास्तिक ही निराशावादी हो सकता है। आशावादी ईश्वर का डर मानता है, विनयपूर्वक अपना अन्तर नाद सुनता है, उसके अनुसार बरतता है और मानता है कि ‘ईश्वर जो करता है वह अच्छे के लिये ही करता है।’
निराशावादी कहता है ‘मैं करता हूँ।’ अगर सफलता न मिले तो अपने को बचाकर दूसरे लोगों के मत्थे दोष मढ़ता है, भ्रमवश कहता है कि “किसे पता ईश्वर है या नहीं’, और खुद अपने को भला तथा दुनिया को बुरा मानकर कहता है कि ‘मेरी किसी ने कद्र नहीं की’ ऐसा व्यक्ति एक प्रकार का आत्मघात कर लेता है और मुर्दे की तरह जीवन बिताता है।

Wednesday, 12 December 2018

अपेक्षा ही दुःख का कारण

अपेक्षा ही दुःख का कारण..

किसी दिन एक मटका और गुलदस्ता साथ में खरीदा हों और घर में लाते ही 50 रूपये का मटका अगर फूट जाएं तो हमें इस बात का दुःख होता हैं

क्योंकि मटका इतनी जल्दी फूट जायेगा ऐसी हमें कल्पना भी नहीं थीं।

परंतु गुलदस्ते के फूल जो 200 रूपये के हैं, वो शाम तक मुर्झा जाएं.. तो भी हम दुःखी नहीं होते।
क्योंकि ऐसा होने वाला ही हैं..यह हमें पता ही था।

मटके की इतनी जल्दी फूटने की हमें अपेक्षा ही नहीं थीं..

तो फूटने पर दुःख का कारण बना।
परंतु​ फूलों से अपेक्षा नहीं थीं..
इसलिए​ वे दुःख का कारण नहीं बनें।

इसका मतलब साफ़ हैं कि जिसके लिए जितनी अपेक्षा ज़्यादा..उसकी तरफ़ से उतना दुःख ज़्यादा..
और जिसके लिए जितनी अपेक्षा कम, उसके लिए उतना ही दुःख भी कम ।

शरीर के तीन पाप

शरीर के तीन पापः

अदत्तानामुपादानं हिंसा चैवाविधानतः।

परदारोपसेवा च शरीरं त्रिविधं स्मृतम्।।

'पराये हक का लेना, अवैधानिक हिंसा करना, पर-स्त्री का संग करना – ये तीन शारीरिक पाप कहे जाते हैं।'

लोभकृत पापः आपके पास जो भी चीज है, वह आपके हक की होनी चाहिए। पिता-पितामह की तरफ से वसीयत के रूप में मिली हो, अपने परिश्रम से न्यायपूर्वक प्राप्त की हो, खरीदी हो, किसी ने दी हो अथवा किसी राज्य पर विजय हासिल कर प्राप्त की हो तो भी ठीक है। किंतु किसी की वस्तु को उसकी अनुमति अथवा जानकारी के बिना ले लेना यह शारीरिक पाप है। जो वस्तु आपके हक की नहीं है, जो आपको दी भी नहीं गयी है ऐसी दूसरे की वस्तु को हड़प लेना यह लोभकृत पाप है।

क्रोधकृत पापः हिंसा चैवाविधानतः। जो धर्मानुसार एवं संविधानुसार नहीं है ऐसे कृत्य का आचरण यह शारीरिक पाप है। जिससे अपनी और अपने पड़ोसी की, दोनों की लौकिक, पारलौकिक एवं आध्यात्मिक उन्नति हो, उसमें रूकावट न आये ऐसा कर्म धर्म है और ऐसे धर्म को भंग करना यह पाप है।

हिंसा दो प्रकार की होती हैः कानूनी और गैर-कानूनी। जब जल्लाद किसी को फाँसी पर लटकाता है, सैनिक आक्रमणकारी शत्रुदेश के सैनिक पर बंदूक चलाता है तो यह कानूनी हिंसा अपराध नहीं मानी जाती, वरन् उसके लिए वेतन दिया जाता है। हमारे शास्त्रीय संविधान के विरुद्ध जो हिंसा है वह हमारे जीवन में नहीं होनी चाहिए। मानवता को सुदृढ़ बनाने कि लिए, सुरक्षित रखने के लिए और गौरवान्वित करने के लिए हमारे जीवन से, वाणी से, सकल्प से किसी को कष्ट न हो इसका ध्यान रखना चाहिए। हम जो करें, जो कुछ बोलें, जो कुछ लें, जो कुछ भोगें, उससे अन्य को तकलीफ न हो इसका यथासंभव ध्यान रखना चाहिए। यह मानवता का भूषण है।

कामकृत पापः पर-स्त्री के साथ संबंध यह कामकृत पाप है।

न ही दृशं अनावेश्यं लोके किंचन विद्यते।

पर स्त्री के साथ संबंध से बढ़कर शरीर को रोग देने वाला, मृत्यु देने वाला, आयुष्य घटाने वाला अन्य कोई दोष नहीं है। मानव की मर्यादा का यह उल्लंघन है। यह मर्यादा मानव की खास-विशेषता है। पशु, पक्षी, देवता अथवा दैत्यों में यह मर्यादा नहीं होती।

जैसे लोभ एक विकार है, क्रोध एक विकार है, वैसे ही काम भी एक विकार है। यह परंपरा से आता है। माता-पिता, दादा-दादी, नाना-नानी के मन में भी यह था। इस प्राकृतिक प्रवाह को मर्यादित करने का उपाय अन्य किसी योनि में नहीं है। मनुष्य जीवन में ही उपाय है कि विवाह संस्कार के द्वारा माता-पिता, सास-ससुर एवं अग्नि को साक्षी बनाकर विवाह का संबंध जोड़ा जाता है। उस विवाह के बाद ही पति-पत्नी यज्ञ के अधिकारी होते हैं। 'पत्नी' शब्द का भी इसी अर्थ में उपयोग किया जाता है – 'त्युनो यज्ञसंयोग।' यज्ञ में, धर्मकार्य में जो सहधर्मिणी हो, सहभागिनी हो वह है पत्नी। यह पवित्र विवाह संस्कार धर्म की दृष्टि से मानव को सर्वोत्कृष्ट, संयमी एवं मर्यादित बनाता है। जिससे मानवता की सुरक्षा होती है उस आचार, विचार, विधि, संस्कार एवं मर्यादा का पालन मानव को अवश्य करना चाहिए। मर्यादा अर्थात् क्या ? 'मर्यि' अर्थात् मानव जिसे धर्मानुसार, ईश्वरीय संविधान के अनुसार आत्म-दृष्टि से, मानवता की दृष्टि से अपने जीवन में स्वीकार करे। जिसमें कोई मर्यादा नहीं है वह मर्यादाहीन जीवन मनुष्य जीवन नहीं, पशु जीवन कहलाता है।

यहाँ हमने मानवता को दूषित करने वाली चीजों की मीमांसा की। उनसे सावधानीपूर्वक बचना चाहिए। अब मनुष्यता को उज्जवल करने वाली बातों के विषय में विचार करेंगे। इन बातों को, मानवता की इन विशेषताओं को समझे। धर्म को कहीं से उधार नहीं लेना है अपितु वह हमारे ही अंदर स्थित है, उसे प्रगट करना पड़ता है। हीरे में चमक बाहर से नहीं भरनी पड़ती, किंतु हीरे को घिसकर उसके भीतर की चमक को प्रगट करना पड़ता है।

Wednesday, 14 November 2018

प्रतिकूलतायें जीवन को प्रखर बनाती हैं

प्रतिकूलतायें जीवन को प्रखर बनाती हैं

आग के बिना न भोजन पकता है, न सर्दी दूर होती है और न ही धातुओं का गलाना- ढलाना सम्भव हो पाता है। आदर्शों की परिपक्वता के लिए यह आवश्यक है कि उनके प्रति निष्ठा की गहराई कठिनाइयों की कसौटी पर कमी और खरे- खोटे की यथार्थता समझी जा सके। बिना तपे सोने को प्रमाणिक कहाँ माना जाता है? उसका उपयुक्त मूल्य कहाँ मिलता है? यह तो प्रारंभिक कसौटी है।

कठिनाइयों के कारण उत्पन्न हुई असुविधाओं को सभी जानते हैं। इसलिए उनसे बचने का प्रयत्न भी करते हैं। इसी प्रयत्न के लिए मनुष्य को दूरदर्शिता अपनानी पड़ती है और उन उपायों को ढूँढना पड़ता है, जिनके सहारे विपत्ति से बचना सम्भव हो सके। यही है वह बुद्धिमानी जो मनुष्यों को यथार्थवादी और साहसी बनाती है। जिननेकठिनाईयों में प्रतिकूलता को बदलने के लिए पराक्रम नहीं किया, समझना चाहिए कि उन्हे सुदृढ़ व्यक्तित्व के निर्माण का अवसर नहीं मिला। कच्ची मिट्टी के बने बर्तन पानी की बूँद पड़ते ही गल जाते हैं। किन्तु जो देर तक आँवे की आग सहते हैं, उनकी स्थिरता, शोभा कहीं अधिक बढ़ जाती है।

तलवार पर धार रखने के लिए उसे घिसा जाता है। जमीन से सभी धातुऐँ कच्ची ही निकलती हैं। उनका परिशोधन भट्ठी के अतिरिक्त और किसी उपाय से सम्भव नहीं। मनुष्य कितना विवेकवान, सिद्धन्तवादी और चरित्रनिष्ठ है, इसकी परीक्षा विपत्तियों में से गुजरकर इस तप- तितीक्षा में पक कर ही हो पाती है।

पं श्रीराम शर्मा आचार्य

Monday, 24 September 2018

चिन्ता और चिन्तन


       मनुष्य जीवन जीने के दो रास्ते हैं चिन्ता और चिन्तन। यहाँ पर कुछ लोग चिन्ता में जीते हैं और कुछ चिन्तन में। चिन्ता में हजारों लोग जीते हैं और चिन्तन में दो-चार लोग ही जी पाते हैं। चिन्ता स्वयं में एक मुसीबत है और चिन्तन उसका समाधान। आसान से भी आसान कार्य को चिन्ता मुश्किल बना देती है और मुश्किल से मुश्किल कार्य को चिन्तन बड़ा आसान बना देता है।
       जीवन में हमें इसलिए पराजय नहीं मिलती कि कार्य बहुत बड़ा था अपितु हम इसलिए परास्त हो जाते हैं कि हमारे प्रयास बहुत छोटे थे। हमारी सोच जितनी छोटी होगी हमारी चिन्ता उतनी ही बड़ी और हमारी सोच जितनी बड़ी होगी, हमारे कार्य करने का स्तर भी उतना ही श्रेष्ठ होगा।
      किसी भी समस्या के आ जाने पर उसके समाधान के लिए विवेकपूर्ण निर्णय ही चिन्तन है। चिन्तनशील व्यक्ति के लिए कोई न कोई मार्ग अवश्य मिल भी जाता है। उसके पास विवेक है और वह समस्या के आगे से हटता नहीं अपितु डटता है। समस्या का डटकर मुकाबला करना आधी सफलता प्राप्त कर लेना है।

चिंतन से हटकट चिंतामणि तक यदि किसी व्यक्ति या वस्तु का चिंतन तो वह सहज ही प्राप्त हो जाता है।


  जय श्रीराधे कृष्णा

Sunday, 23 September 2018

अनमोल विचार/ Anmol Vichar


अमूल्य उपदेश

1) तुरन्त दुहा हुआ दूध जैसे शीघ्र नहीं बिगड़ता उसी प्रकार कुकर्मों का परिणाम भी शीघ्र नहीं विदित होता।परन्तु वह राख दबी हुई आग की तरह स्थिर रहता है।


2) मित्र का मिलने पर आदर करो, पीठ पीछे प्रशंसा करो और आवश्यकता के समय सहायता करो।


3) तप मनुष्य को कुन्दन बना देता है।


4) उसकी कभी विजय नहीं होती जिसका मन पवित्र नहीं होता।


5) जहाँ अच्छी बात का आदर न हो वहाँ चुप रहना ही बोलने से अच्छा है।


6) जो निरुत्साही, दीन और शोकाकुल बना रहता है उसके सब कार्य नष्ट हो जाते हैं।


7) वास्तविक धर्म यह है कि जिस बात को मनुष्य अपने लिए उचित नहीं समझता, दूसरों के साथ, वैसी बात कभी न करे।


8) ब्रह्मचर्य के पालन से आत्मबल प्राप्त होता है।


9) बिना ब्रह्मचर्य के आयुष्य, तेज, बल, वीर्य, बुद्धि, लक्ष्मी, महात्वाकांक्षा, पुण्य, तप और स्वाभिमान का नाश हो जाता है।


10) मनुष्य बिना ब्रह्मचर्य धारण किये कदापि पूर्ण आयु वाले नहीं हो सकते।


11) सज्जनों की संगति करनी चाहिए,दुर्जनों से किसी प्रकार का सम्पर्क नहीं रखना चाहिए।


12) जिसके पास धैर्य-धन है, उसके पास समस्त संसार का खजाना है।


13) किसी की चालाकी को जान लेना बड़ी बुद्धिमानी है।


14) शुभ कर्म करो,ताकि मरते समय दुःख न हो और अगला जीवन अच्छा मिले।


15) सदाचार का पालन करने से मनुष्य को दीर्घायु, मनचाही सन्तान और अमिट धन मिलता है।सदाचार दुर्गुणों का नाश करता है।


16) जो व्यक्ति अपने मित्र के साथ छल-कपट,झूठ का व्यवहार कर मित्र को धोखा देता है,वह स्वयं को ही धोखा दे रहा है,अपने मित्र को नहीं।

Saturday, 22 September 2018

मान-अपमान जीवन की कसौटी है


       मान-अपमान जीवन की कसौटी है, परीक्षा है। आज हमारी आन्तरिक स्थिति बड़ी नाजुक हो गई है। किसी कार्यक्रम में चले जाने पर आज हम अपने आप नहीं बैठ सकते। हमें दो आदमी चाहियें जो हाथ जोड़कर और हाथ पकड़कर हमें बिठा दें। अगर ऐसा नहीं होता है तो फिर हम तनाव (टैंशन) में आ जाते हैं और कई दिन तक ये तनाव बना रहता है कि किसी ने हमें बैठने तक को नहीं कहा।
       क्या है अपमान ? किसी व्यक्ति की वह व्यक्तिगत कल्पना जिसमें वह दूसरों से वेवजह सम्मान की चाह रखता है और उस चाह का पूरा ना होना ही अपमान कहलाता है। अपेक्षा की उपेक्षा का ही तो नाम अपमान है। हमें दूसरों से कम अपनी सोच से ज्यादा अपमानित होना पड़ता है।
        किसी ने नमस्कार ना कर हमारा अपमान कर दिया, यह सिर्फ हमारी सोच है। उसने तुम्हारा अपमान नहीं किया, उस बात को बार-बार सोचकर तुम खुद अपना अपमान करते हो।
      जो लोग मान और सम्मान पर ज्यादा विचार करते हैं वही तो बेचारे कहलाते हैं। अतः अपनी सोच का स्तर ऊपर उठाकर मान-अपमान से मुक्त होकर प्रसन्नता के साथ जिन्दगी जीओ।

Monday, 17 September 2018

कर्म सत्कर्म बन जाता है


     भगवान् श्री कृष्ण एक तरफ वंशीधर हैं तो दूसरी तरफ चक्रधर, एक तरफ माखन चुराने वाले हैं तो दूसरी तरफ सृष्टि को खिलाने वाले। वो एक तरफ वनवारी हैं तो दूसरी तरफ गिरधारी, वो एक तरफ राधारमण हैं तो तो दूसरी तरफ रुक्मणि हरण करने वाले हैं।
     कभी शांतिदूत तो कभी क्रांतिदूत, कभी यशोदा तो कभी देवकी के पूत। कभी युद्ध का मैदान छोड़कर भागने का कृत्य , तो कभी सहस्र फन नाग के मस्तक पर नृत्य। जीवन को पूर्णता से जीने का नाम कृष्ण है। जीवन को समग्रता से स्वीकार किया श्री कृष्ण ने। परिस्थितियों से भागे नहीं उन्हें स्वीकार किया।
     भगवान श्री कृष्ण एक महान कर्मयोगी थे, उन्होंने अर्जुन को यही समझाया कि हे अर्जुन, माना कि कर्म थोड़ा दुखदायी होता है लेकिन बिना कर्म किये सुख की प्राप्ति भी नहीं हो सकती। अगर कर्म का उद्देश्य पवित्र व शुभ हो तो वही कर्म सत्कर्म बन जाता है।

   जय श्रीराधे कृष्णा

Friday, 14 September 2018

कृष्ण होने का अर्थ


      जिसे सीमित शब्दों में परिभाषित किया जा सके वो कभी भी कृष्ण नहीं हो सकता क्योंकि कृष्ण होने का अर्थ ही यह है कि जिसके लिए सारे शब्द कम पड़ जाएं व सारी उपमाएं छोटी। जो दूसरों के चित्त को अपनी ओर आकर्षित करे वो श्रीकृष्ण है।
       बाल भाव से बच्चे उनकी तरफ खिंचते हैं तो प्रौढ़ गाम्भीर्य भाव से। कान्त भाव से गोपियाँ उनको अपना सर्वस्व दे बैठीँ तो योगिराज बनकर उन्होंने योगियों को अपना बनाया। केवल बाहर ही नहीं अपितु हमें अपने भीतर भी कृष्ण को जन्म देना होगा।
     अनीति व अत्याचार के विरोध की सामर्थ्य, कठिनतम परिस्थितियों में भी धर्म रक्षार्थ कृत संकल्प, पग - पग पर अधर्म को चुनौती देने का साहस व प्रत्येक कर्म का पूर्ण निष्ठा से निर्वहन, वास्तव में अपने भीतर कृष्ण को जन्म देना ही है।


जय श्री कृष्ण

Wednesday, 5 September 2018

संस्कार / Sanskar

संस्कार

 हम अपूर्ण महसूस ही इसलिए करते है कि हम पूर्णता की ओर बढे। अपूर्णता से परिपूर्णता की ओर बढ़ना ही जीवन है। जो हम नहीं कर सके है उनको संकल्प में लेकर करना ही पूर्णता है।

 ज्यादा सोचना, हताशा या अपने आप को कमजोर (अपूर्ण) महसूस करते रहना हमारा जीवन नहीं... पूर्णता की ओर... संकल्पो की ओर... प्राप्ति की ओर आगे बढ़ना हमारा जीवन है... लक्ष है...

 एक अच्छी जीवात्मा अशुभ संस्कारों को त्याग कर शुभ संस्कार से परिपूर्णता की ओर बढ़ती है। जीवन अगर अनित्य चीजों के पीछे रहेगा तो अपूर्णता निश्चित है नित्य से परिपूर्णता प्राप्त होगी और वह नित्य परमात्मा परब्रह्म हैं।

Friday, 24 August 2018

आज के विचार/ Thoughts Of The Day

जय श्री कृष्ण

 अधर्मेणैधते तावत्, ततो भद्राणि पश्यति
  तत: सपत्नाञ्जयति, समूलस्तु विनश्यति।

भावार्थ-अधार्मिक मनुष्य अधर्म द्वारा पहले बढ़ता है और अधर्म द्वारा कमाई शक्ति, धन, प्रसिद्धि, प्रतिस्ठा से अनेक प्रकार की भलाई करता है,फिर शत्रुओं को भी जीत लेता है, परन्तु बाद में घर- बार समेत पूर्णतः नष्ट हो जाता है।

Monday, 20 August 2018

विचार मंथन/ Vichar Manthan

सुप्रभातम्
 
विचार मंथन

नीति और सदाचरण की मर्यादाओं का उल्लंघन कर्तव्य धर्म की उपेक्षा, दूसरे के प्रति निष्ठुरता और दुष्टता का व्यवहार, इन्द्रियों का स्वेच्छाचार, मन की कुटिलता जिसने अपना ली, उसे नरक तक पहुँचने में कोई रुकावट नहीं रहती। वह फिसलता हुआ, उस स्थान तक पहुँचने और चिरकाल तक रहने में सफल हो सकता है-जिसे नरक कहा जाता है और जहाँ की असत्य मंत्रणाओं का वीभत्स वर्णन किया जा सकता है।

उसे देखना ही नहीं-अनुभव करना भी पूरी तरह अपने हाथ में है। इसके लिए केवल अपनी प्रवृत्तियों को पतनोन्मुख भर बनाना है।

Saturday, 18 August 2018

विचार मंथन/ Vichar Manthan

सुप्रभातम्
  
विचार मंथन

आत्म-निर्माण मानवी कर्तव्य है, पर देव भूमिका की प्राप्ति आत्म-विकास से ही सम्भव है। अपनी अहंता जब संकीर्णता के बंधन तोड़ती हुई विशाल और व्यापक बनती है, लोक-कल्याण ही आत्म-कल्याण लगता है, तब समझना चाहिए हम देव बनें। देवताओं के लिए ही स्वर्ग बना है। हमारा विकसित देवत्व निश्चित रूप से हमें वहाँ पहुँचा देगा, जिसे स्वर्ग कहा जाता है।

स्वर्ग ऊपर है, वहाँ पहुँचने के लिए ऊँचा उठना ही पड़ेगा। चरित्र, दृष्टिकोण और कर्म तीनों को ऊँचा उठाते हुए कोई भी व्यक्ति स्वर्ग के राज्य में सरलता पूर्वक प्रवेश कर सकता है।

Saturday, 11 August 2018

गोस्वामी तुलसीदास के अनमोल वचन/ Goswami Tulsidas Ke Anmol Vachan

ईश्‍वर ने संसार को कर्म प्रधान बना रखा है, इसमें जो मनुष्‍य जैसा कर्म करता है उसको, वैसा ही फल प्राप्‍त होता है।


फल के आने से वृक्ष झुक जाते हैं, वर्षा के समय बादल झुक जाते हैं, संपत्ति के समय सज्जन भी नम्र होते हैं। परोपकारियों का स्वभाव ही ऐसा ही होता है।


जिस व्यक्ति की तृष्णा जितनी बड़ी होती है, वह उतना ही बड़ा दरिद्र होता है।


वृक्ष अपने सिर पर गर्मी सहता है, पर अपनी छाया में दूसरों का ताप दूर करता है।


तप के बल से ब्रह्मा सृष्टि करते हैं। तप से संसार में कोई भी वस्तु दुर्लभ नहीं है।


स्वप्न वही देखना चाहिए, जो पूरा हो सके।


पेट की आग (भूख) बड़वाग्नि से बड़ी होती है।

Friday, 10 August 2018

महर्षि वेद व्यास के अनमोल वचन/ Maharshi Vedvyas Ke Anmol Vachan

1.  अभीष्ट फल की प्राप्ति हो या न हो, विद्वान पुरुष उसके लिए शोक नहीं करता।
2.  जो सज्जनता का अतिक्रमण करता है उसकी आयु, संपत्ति, यश, धर्म, पुण्य, आशीष, श्रेय नष्ट हो जाते हैं।
3.  किसी के प्रति मन में क्रोध रखने की अपेक्षा उसे तत्काल प्रकट कर देना अधिक अच्छा है, जैसे पल में जल जाना देर तक सुलगने से अच्छा है।
4.  अमृत और मृत्यु दोनों इस शरीर में ही स्थित हैं। मनुष्य मोह से मृत्यु को और सत्य से अमृत को प्राप्त होता है।
5.  दूसरों के लिए भी वही चाहो जो तुम अपने लिए चाहते हो।
6.  जो वेद और शास्त्र के ग्रंथों को याद रखने में तत्पर है किंतु उनके यथार्थ तत्व को नहीं समझता, उसका वह याद रखना व्यर्थ है।
7.  जो मनुष्य क्रोधी पर क्रोध नहीं, क्षमा करता है, वह अपनी और क्रोध करने वाले की महा संकट से रक्षा करता है। वह दोनों का रोग दूर करने वाला चिकित्सक है।

8.  जहां कृष्ण हैं, वहां धर्म है और जहां धर्म है, वहां जय है।
9.  जिसके मन में संशय भरा हुआ है, उसके लिए न यह लोक है, न परलोक है और न सुख ही है।
10.  अत्यंत लोभी का धन तथा अधिक आसक्ति रखने वाले का काम- ये दोनों ही धर्म को हानि पहुंचाते हैं।
11.  जिस मनुष्य की बुद्धि दुर्भावना से युक्त है तथा जिसने अपनी इंद्रियों को वश में नहीं रखा है, वह धर्म और अर्थ की बातों को सुनने की इच्छा होने पर भी उन्हें पूर्ण रूप से समझ नहीं सकता।
12.  क्षमा धर्म है, क्षमा यज्ञ है, क्षमा वेद है और क्षमा शास्त्र है। जो इस प्रकार जानता है, वह सब कुछ क्षमा करने योग्य हो जाता है।
13.  मन में संतोष होना स्वर्ग की प्राप्ति से भी बढ़कर है, संतोष ही सबसे बड़ा सुख है। संतोष यदि मन में भली-भांति प्रतिष्ठित हो जाए तो उससे बढ़कर संसार में कुछ भी नहीं है। 
14.  दुख को दूर करने की एक ही अमोघ औषधि है- मन से दुखों की चिंता न करना।

15.  जो केवल दया से प्रेरित होकर सेवा करते हैं, उन्हें नि:संशय सुख की प्राप्ति होती है।
16.  अधिक बलवान तो वे ही होते हैं जिनके पास बुद्धिबल होता है। जिनमें केवल शारीरिक बल होता है, वे वास्तविक बलवान नहीं होते।
17.  जिसकी बुद्धि नष्ट हो जाती है, वह मनुष्य सदा पाप ही करता रहता है। पुन:-पुन: किया हुआ पुण्य बुद्धि को बढ़ाता है।
18.  जो विपत्ति पड़ने पर कभी दुखी नहीं होता, बल्कि सावधानी के साथ उद्योग का आश्रय लेता है तथा समय आने पर दुख भी सह लेता है, उसके शत्रु पराजित ही हैं।
19.  जो मनुष्य अपनी निंदा सह लेता है, उसने मानो सारे जगत पर विजय प्राप्त कर ली।
20.  संसार में ऐसा कोई नहीं हुआ है, जो मनुष्य की आशाओं का पेट भर सके। पुरुष की आशा समुद्र के समान है, वह कभी भरती ही नहीं।
21.  माता के रहते मनुष्य को कभी चिंता नहीं होती, बुढ़ापा उसे अपनी ओर नहीं खींचता। जो अपनी मां को पुकारता हुआ घर में प्रवेश करता है, वह निर्धन होता हुआ भी मानो अन्नपूर्णा के पास चला आता है। -वेदव्यास
22.  मन का दुख मिट जाने पर शरीर का दुख भी मिट जाता है।

23.  आशा ही दुख की जननी है और निराशा ही परम सुख शांति देने वाली है।
24.  सत्य से सूर्य तपता है, सत्य से आग जलती है, सत्य से वायु बहती है, सब कुछ सत्य में ही प्रतिष्ठित है। (महाभारत)
25.  जो मनुष्य नाश होने वाले सब प्राणियों में समभाव से रहने वाले अविनाशी परमेश्वर को देखता है, वही सत्य को देखता है।
26.  जैसे जल द्वारा अग्नि को शांत किया जाता है, वैसे ही ज्ञान के द्वारा मन को शांत रखना चाहिए।
27.  स्वार्थ की अनुकूलता और प्रतिकूलता से ही मित्र और शत्रु बना करते हैं।
28.  मनुष्य जीवन की सफलता इसी में है कि वह उपकारी के उपकार को कभी न भूले। उसके उपकार से बढ़कर उसका उपकार कर दे।
29.  विद्या के समान कोई नेत्र नहीं है।
30.  जैसे तेल समाप्त हो जाने पर दीपक बुझ जाता है, उसी प्रकार कर्म के क्षीण हो जाने पर देव भी नष्ट हो जाता है।

Thursday, 9 August 2018

Thoughts Of The Day/ आज के विचार


केवल धर्म ही परम कल्याणकारक है, एकमात्र क्षमा ही शांति का सर्वश्रेष्ठ उपाय है। एक विद्या ही परम संतोष देने वाली है और एकमात्र अहिंसा ही सुख देने वाली है।
-विदुर नीति

Wednesday, 8 August 2018

Thoughts Of The Day/ आज के विचार



शुद्ध जल से तन और आत्म ज्ञान से मन पवित्र होता है।
- अरविंद बाबा

Tuesday, 7 August 2018

Thoughts Of The Day/ आज के विचार

कष्ट और विपत्ति मनुष्य को शिक्षा देने वाले श्रेष्ठ गुण हैं। जो साहस के साथ उनका सामना करते हैं, वे विजयी होते हैं। 
- लोकमान्य तिलक




Poorness and misery are the best qualities of education to humans. Those who face them with courage, they are victorious. - Lokmanya Tilak


Sunday, 5 August 2018

कबीरदास के अनमोल वचन/ Kabirdas ke anmol vachan

काल करे सो आज कर, आज करे सो अब.

पल में प्रलय होएगी, बहुरि करेगा कब.

अर्थ : कबीर दास जी कहते हैं कि जो कल करना है उसे आज करो और जो आज करना है उसे अभी करो, कुछ ही समय में जब जीवन ख़त्म हो जायेगा फिर तुम कुछ नहीं कर पाओगे.



लूट सके तो लूट ले, राम नाम की लूट.

पाछे फिर पछ्ताओगे, प्राण जाहि जब छूट.

अर्थ : कबीर दास जी कहते हैं कि अभी राम नाम की लूट मची है, अभी तुम भगवान का जितना नाम लेना चाहो ले लो नहीं तो फिर समय निकल जाने पर अर्थात मर जाने के बाद पछताओगे कि मैंने तब भगवान राम की पूजा क्यों नहीं की.


माँगन मरण समान है, मति माँगो कोई भीख.

माँगन ते मारना भला, यह सतगुरु की सीख.

अर्थ : कबीर दास जी कहते हैं कि कुछ भी माँगना मरने के बराबर है इसलिए किसी से भी भीख मत मांगो. सतगुरु जी कहते हैं कि मांगने से मर जाना बेहतर है अर्थात अपने पुरुषार्थ से स्वयं चीजों को प्राप्त करो, उसे किसी से मांगो मत.